1000 अखबार स्टिक्स से रचा अद्भुत महाशिवरात्रि शैडो स्क्रिप्चर
Muzaffar-nagar News - महाशिवरात्रि के अवसर पर 25 वर्षीय युवा कलाकार तुषार शर्मा ने 700 घंटे की मेहनत से भगवान शिव का भव्य शैडो स्क्रिप्चर बनाया है। उन्होंने 1000 से अधिक न्यूज़पेपर स्टिक्स का उपयोग किया है। इस कला में आदियोगी की छवि और केदारनाथ धाम की संरचना दर्शाई गई है, जो पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देती है।

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शहर के 25 वर्षीय युवा कलाकार तुषार शर्मा ने अपनी अनोखी रीसाइकल्ड कला से एक बार फिर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया है। उन्होंने एक महीने में लगभग 700 घंटे की अथक मेहनत और 1000 से अधिक न्यूज़पेपर स्टिक्स का उपयोग कर भगवान शिव का भव्य शैडो स्क्रिप्चर तैयार किया है। एलईडी लाइट्स से सुसज्जित यह विशाल फ्रेम अंधेरे में दिव्य आभा बिखेरता है। इस शैडो स्क्रिप्चर में भगवान शिव के आदि स्वरूप आदियोगी की दिव्य छवि उभरकर सामने आती है, जो योग और ध्यान के प्रथम गुरु माने जाते हैं। उनकी शांत मुद्रा गहरी आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव कराती है।
स्क्रिप्चर के निचले भाग में पवित्र केदारनाथ धाम की भव्य संरचना को दर्शाया गया है, जो बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है और हिमालय की गोद में स्थित आस्था का प्रमुख केंद्र है। इसके अलावा, उन्होंने राष्ट्रभक्ति का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए भारत का राष्ट्रगान “जन गण मन” हिंदी में वेस्ट न्यूज़पेपर पर लिखकर 26 जनवरी के अवसर पर एक विशेष रिकॉर्ड प्रोजेक्ट भी पूरा किया था। तुषार इससे पहले भी अख़बारों से श्री राम मंदिर का भव्य मॉडल तैयार कर चुके हैं, जिसने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया और उनकी रीसाइकल्ड कला को नई पहचान दिलाई। तुषार की कला केवल सजावट नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रप्रेम और आध्यात्मिक चेतना का संदेश है। उनका कहना है कि मेरे लिए अखबार सिर्फ कागज़ नहीं, बल्कि सपनों को आकार देने का माध्यम है। स्थानीय लोगों और कला प्रेमियों ने उनके इस प्रयास को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




