रात में आंधी-तूफान, दिन में लू का कहर
Muzaffar-nagar News - मुजफ्फरनगर में मौसम ने अचानक खराब रूप ले लिया है। रात को तेज आंधी और धूल भरी हवाएं चल रही हैं, जबकि दिन में भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। चिकित्सकों ने लोगों को धूप से बचने और अधिक पानी पीने की सलाह दी है।

मुजफ्फरनगर। जनपद में इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह बिगड़ा हुआ है। चौबीस घंटे के भीतर मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। रात में तेज आंधी-तूफान और धूल भरी हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं, जबकि दिन निकलते ही भीषण गर्मी और लू का कहर शुरू हो जाता है। मौसम के इस दोहरे वार से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गुरुवार देर रात करीब ढाई बजे अचानक मौसम खराब हो गया और तेज अंधड़ चलने लगा। आंधी के चलते शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। हालांकि कुछ देर बाद मौसम शांत हो गया, लेकिन शुक्रवार सुबह सूरज निकलते ही गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया।
सुबह नौ बजे के बाद ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई दिया। जरूरी काम होने पर ही लोग बाहर निकले और गर्मी से बचने के लिए चेहरे ढककर सफर करते नजर आए।इस भीषण गर्मी का असर बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों पर सबसे अधिक देखने को मिल रहा है। घरों में कूलर और पंखे भी राहत नहीं दे पा रहे हैं। चिकित्सकों ने लोगों को धूप में निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


