Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर : उत्तराखंड उपहार में नहीं, लंबे संघर्ष और बलिदान से मिला : धामी
Muzaffarnagar News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुजफ्फरनगर में उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों के बलिदान के बिना राज्य नहीं बना। उन्होंने सरकार की योजनाओं जैसे पेंशन, आरक्षण और विकास परियोजनाओं पर भी चर्चा की। साथ ही, रामपुर तिराहा पर शहीदों की प्रतिमाएं स्थापित करने की घोषणा की।
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर, वरिष्ठ संवाददाता उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुजफ्फरनगर में रामपुर तिराहा स्थित शहीद स्मृति द्वार पर उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड उपहार में नहीं मिला, बल्कि इसके लिए लंबे संघर्ष और बलिदान की कीमत चुकानी पड़ी है। रामपुर तिराहा कांड को याद करते हुए धामी ने तत्कालीन उत्तर प्रदेश सरकार पर आंदोलनकारियों पर लाठी-गोली चलाने और अत्याचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा आंदोलन के दौरान खटीमा, मसूरी और रामपुर तिराहा में आंदोलनकारियों ने बलिदान दिया। रामपुर तिराहा में सात आंदोलनकारी शहीद हुए, जिन्हें आज पूरा उत्तराखंड नमन कर रहा है।
मुख्यमंत्री की बातें
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और शांति के बल पर देश को आजादी दिलाने के लिए संघर्ष किया, उसी तरह उत्तराखंड के लोगों ने राज्य की मांग को लेकर आंदोलन किया। उन्होंने कहा कि निर्दोष आंदोलनकारियों पर लाठियां बरसाईं गईं और गोलियां चलाई गईं। उन्होंने आंदोलन के दौरान मुजफ्फरनगर के लोगों द्वारा आंदोलनकारियों को शरण दिए जाने के लिए उनका आभार जताया।
सरकारी योजनाएं
धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने आंदोलनकारियों और उनके परिवारों को चिन्हित कर 10 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया है। अलग-अलग श्रेणियों में तीन, चार और छह हजार रुपये तक पेंशन दी जा रही है। 93 आंदोलनकारियों और उनके परिवारों को सरकारी सेवा में समायोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू की है और नकल विरोधी कानून बनाया है। अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 13 हजार एकड़ सरकारी भूमि मुक्त कराने तथा अवैध मदरसों को बंद कर आधुनिक शिक्षा की व्यवस्था करने का भी दावा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की अस्मिता और संस्कृति की रक्षा के लिए सरकार ने लव जिहाद, ठूस जिहाद और धर्मांतरण जैसे मामलों में कानूनी कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप उत्तराखंड को विकास के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है।
विकास परियोजनाएं
ढाई से तीन घंटे में दिल्ली से देहरादून पहुंचने का दावा
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में चल रही विकास परियोजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से दिल्ली से देहरादून की दूरी ढाई से तीन घंटे में तय होने लगी है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का करीब 80 प्रतिशत काम पूरा होने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 54 लाख से अधिक तीर्थयात्री पहुंचे।
कनेक्टिविटी में सुधार
धामी ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक पहुंचाने की स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द इसका विस्तार हरिद्वार तक होगा। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर तक आरआरटीएस आने से उत्तराखंड की कनेक्टिविटी भी और आसान होगी। उत्तर प्रदेश को बड़ा भाई बताते हुए उन्होंने दोनों राज्यों के बीच बेहतर संबंधों और कनेक्टिविटी को विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
शहीदों की प्रतिमाएं
मुख्यमंत्री ने रामपुर तिराहा स्मृति स्थल पर सातों शहीदों की प्रतिमाएं स्थापित करने की घोषणा की। इसके लिए शुक्रवार को भूमि पूजन किया गया। उन्होंने बताया कि प्रतिमाओं की स्थापना के लिए 27 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है। इसके अलावा उत्तराखंड के 1848 शहीद सैनिकों की प्रतिमाएं उनके गांव, गांव के पार्क अथवा गांव की सीमा पर स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।

