यूपी बोर्ड परीक्षा में पहले दिन अनुपस्थित रहे 2221 परीक्षार्थी
Muzaffar-nagar News - उत्तर प्रदेश बोर्ड की परीक्षाएं हिंदी विषय के साथ शुरू हुईं। पहले दिन 10वीं और 12वीं के हजारों छात्रों ने परीक्षा दी। हिंदी का पेपर सरल होने से छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ा। हालांकि, कुछ केंद्रों पर पेपर वितरण में देरी हुई, जिससे कुछ छात्राओं को समस्या का सामना करना पड़ा।

सालभर की मेहनत के बाद यूपी बोर्ड परीक्षार्थियों की परीक्षा हिंदी विषय के साथ बुधवार से शुरू हो गई। पहली पाली में दसवीं के 27869 बोर्ड परीक्षार्थियों ने केंद्रों पर पहुंचकर अपनी परीक्षा दी, जबकि दूसरी पाली में 12वीं के 26073 परीक्षार्थियों ने भी हिंदी विषय की परीक्षा में प्रतिभाग किया। पहले दिन हिंदी विषय की परीक्षा होने के कारण परीक्षार्थियों की चेहरे खिले रहे, उन्होंने अगले विषय की तैयारी शुरू कर दी, उधर एक परीक्षा केंद्र पर पेपर देरी से वितरित होने के कारण छात्राओं के प्रश्न छूट गए। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड प्रयागराज की परीक्षाएं बुधवार को पूर्ण तैयारियों के साथ 72 केंद्रों पर शुरू हो गई।
सुबह साढ़े आठ बजे से 10वीं के परीक्षार्थियों की परीक्षाएं शुरू हुई, जिसके लिए केंद्रों पर एक घंटा पहले ही परीक्षार्थी पहुंच गए। सभी केंद्रों पर पुलिस और सेक्ट्रर मजिस्ट्रेट ने चैकिंग के बाद ही केंद्रों पर बोर्ड परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया। 11 बजे परीक्षा देकर परीक्षार्थी बाहर निकले। इसके बाद दूसरी पाली में 12वीं कक्षा के बोर्ड परीक्षार्थियों की दो बजे से परीक्षा शुरू हुई। पूरी चैकिंग के बाद परीक्षार्थियों को केंद्रों में प्रवेश दिया गया। शाम सवा पांच बजे परीक्षा समाप्त होने के बाद हर्ष के माहौल में परीक्षार्थी केंद्रों के बाहर निकले। डीआईओएस राजेश श्रीवास ने बताया कि जनपद में सभी 72 केंद्रों पर बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुई। सभी केंद्रों पर फ्लाइंग टीम भ्रमण पर रही। डीआईओएस ने दावा किया कि कोई भी नकल करता नहीं पकड़ा गया है। कंट्रोल रूम से भी सभी केंद्रों पर सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखी गई है। --- एसडी गर्ल्स कालेज में आधे घंटे विलंब बंटा प्रश्न पत्र, छात्राएं निराश शहर के नई मंडी स्थित भागवंती सरस्वती विद्यालय मंदिर इंटर कालेज की 12वीं की छात्राओं का हिंदी का पेपर केंद्र पर तैनात शिक्षकों के अनुभव की कमी से अधूरा छूट गया। छात्राओं का कहना है कि उनका सेंटर गांधी कालोनी स्थित एसडी गर्ल्स इंटर कालेज में लगा था। उन्हें परीक्षा के आधे घंटे बाद प्रश्न पत्र दिया गया, लेकिन उनसे उत्तर पुस्तिका निर्धारित समय पर ही ले ली गई। इसको लेकर परीक्षार्थियों के साथ भागवंती विद्या मंदिर इंटर कालेज की प्रधानाचार्या वंदना शर्मा ने भी नाराजगी जताई है। उनका कहना था कि जब परीक्षार्थियों को विलंब प्रश्न पत्र वितरित किया तो उन्हें निर्धारित समय से अलग आधे घंटे का समय देना चाहिए था। बताया जा रहा है कि परीक्षार्थी समयाभाव के चलते सभी प्रश्नों का जवाब नहीं दे पाए। कई छात्राओं का कहना था कि उन्हें सवालों का जवाब याद था लेकिन समय नहीं मिलने की वजह से वह सवाल छोड़ आए। हालांकि डीआईओएस राजेश श्रीवास का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है लेकिन किसी ने इसकी लिखित शिकायत नहीं की है। ----- हिंदी के पेपर ने बढ़ाया परीक्षा टाप करने का मनोबल मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षाएं हिंदी विषय के साथ शुरू हुईं। पहले ही दिन हिंदी का पेपर अपेक्षाकृत सरल और संतुलित आने से परीक्षार्थियों के चेहरे खिले नजर आए। छात्रों का कहना है कि पेपर ने उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया है और अब वे अन्य विषयों की तैयारी और भी उत्साह के साथ करेंगे। - हिंदी का पेपर मेरे लिए बहुत अच्छा रहा। ज्यादातर प्रश्न किताब से ही आए थे। निबंध और पत्र लेखन भी आसान थे। अब मुझे परीक्षा में टॉप करने का आत्मविश्वास बढ़ गया है। - कृष्णा। पेपर का स्तर संतुलित और समझ में आने वाला था। व्याकरण के प्रश्न भी ज्यादा कठिन नहीं थे। समय पर पूरा पेपर हल कर पाई। इससे आगे की परीक्षाओं के लिए हौसला बढ़ा है। - दीपांशु। हिंदी मेरा पसंदीदा विषय है, इसलिए पेपर अच्छा गया। गद्य और पद्यांश आसान थे। मैंने पूरे अंक पाने की कोशिश की है। अब रिजल्ट को लेकर उत्साहित हूं। - विनित। पेपर उम्मीद से बेहतर आया। लंबे उत्तर वाले प्रश्न भी स्पष्ट थे। अच्छी तैयारी का फायदा मिला। मुझे लगता है कि मैं अच्छे अंक प्राप्त करूंगी। - वंश।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


