विद्यालयों में पहुंचे बोर्ड परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र, वितरण शुरू
Muzaffar-nagar News - उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक होंगी। हाईस्कूल के 29,151 और इंटरमीडिएट के 27,012 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। प्रवेश पत्र विद्यालयों में पहुंच गए हैं और वितरण प्रारंभ हो गया है। छात्रों से अपील की गई है कि वे विवरण की जांच करें। प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की वर्ष 2026 की परीक्षाएं 18 फरवरी से प्रारंभ होकर 12 मार्च तक संचालित होंगी। परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बोर्ड परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र संबंधित विद्यालयों में पहुंच गए हैं और उनका वितरण कार्य शुरू कर दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से सभी विद्यालयों को प्रवेश पत्र उपलब्ध करा दिए गए हैं। डीआईओएस राजेश श्रीवास ने बताया कि इस वर्ष हाईस्कूल के 29,151 तथा इंटरमीडिएट के 27,012 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। जिले भर में कुल 72 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां परीक्षाएं संपन्न कराई जाएंगी।
विद्यालय प्रशासन द्वारा छात्रों को प्रवेश पत्र सावधानीपूर्वक वितरित किए जा रहे हैं तथा उन्हें परीक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश भी दिए जा रहे हैं। अधिकारियों ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे प्रवेश पत्र प्राप्त करने के बाद उसमें अंकित विवरण जैसे नाम, विषय, परीक्षा केंद्र आदि का मिलान अवश्य कर लें। किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर तत्काल विद्यालय प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते संशोधन कराया जा सके। बोर्ड परीक्षाओं को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 15 फरवरी से सभी बोर्ड परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र पहुंचना अनिवार्य किया गया है। डीआईओएस कार्यालय के मुख्य द्वार पर फैली गंदगी मुजफ्फरनगर। डीआईओएस कार्यालय में इन दिनों बोर्ड परीक्षा से संबंधित कार्य चल रहा है। विद्यालयों का स्टाफ व प्रधानाचार्य आदि अपने विद्यालयों के प्रवेश पत्र ने पहुंच रहे हैं, लेकिन इसी दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के मुख्य द्वार पर गुरुवार को दिनभर गंदगी फैली रही। नालों से निकली गंदगी के कारण वहां कीचड़ फैला रहा है, जिस कारण आने-जाने में शिक्षकों व कर्मचारियों को समस्याओं का सामना भी करना पड़ा। इस कीचड़ में कर्मचारियों के वाहन फिसलने से कई को गंदगी झेलने के साथ चोटिल भी होना पड़ा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


