Muzaffarnagar News: शहर के अधिकांश नाले ब्लॉक, सरकारी दफ्तर व घरों में भरा गंदा पानी
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में तीन दिनों से हो रही बारिश ने जनजीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है। शहर के नाले गंदगी और पॉलीथिन से ब्लॉक हो गए हैं, जिससे पानी घरों में घुस गया है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया है। चेयरपर्सन ने जलभराव की समस्या को लेकर नालों की सफाई के आदेश दिए हैं।

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर, संवाददाता। तीन दिनों से हो रही बारिश से बुरा हाल है। चौतरफा जलभराव को लेकर जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। शहर के अधिकांश नाले गंदगी और पॉलीथिन आदि से ब्लॉक होने के कारण पानी घरों में घुस गया। नालों से पानी की निकासी सहीं तरह से नहीं होने के कारण मेरठ रोड पर स्थित उप कृषि निदेशक कार्यालय में भी पानी भर गया। वहीं आसपास के सरकारी क्वार्टस और कॉलोनी भी में भरे पानी से लोगों का बुरा हाल रहा। घरों में पानी भरने से सामान खराब हो गया और बदबू से लोग परेशान है।
समस्या का बढ़ता असर
गंदगी से अटे शहर के नाले बारिश के पानी को ओट नहीं पाए। तीन दिन से हो रही बारिश के कारण लोग काफी परेशान है। सबसे बडी समस्या लोगों को शहर में चौतरफा हुए जलभराव को लेकर हुई है। शहरी क्षेत्र के करीब 80 नाले गंदगी से अटे हुए है। नालों में कूड़ा, प्लास्टिक, पॉलीथिन और थर्माकॉल आदि भरा हुआ है। नगर पालिका प्रशासन इन सभी नालों की सफाई कराने का दावा कर रहा है, लेकिन फिर भी उक्त नालों से बारिश के पानी की निकासी नहीं हो पाई। शहर के सभी नाले ओवरफ्लो होने के कारण पानी सड़क, गली मोहल्ले यहां तक की घरों के अंदर भी भर गया। शहर के मोहल्ला आबकारी, रामपुरी, जनकपुरी, शाहबुद्दीनपुर रोड, एकता विहार, न्याजूपुरा, मल्हूपुरा, किदवईनगर, केशवपुरी, साकेत, ब्रह्मपुरी आदि स्थानों पर घरों के अंदर भी पानी भर गया। डीएम आवास के समीप मेरठ रोड पर नाला गंदगी के कारण ब्लॉक हो गया। जिस कारण उप कृषि निदेशक, सरकारी क्वार्टस और आस पास की कालोनियों में घरों के अंदर भी गंदा पानी भर गया। बारिश कम होने के कई घंटे बाद गली मोहल्लों से पानी उतरना शुरू हुआ। इसके बाद स्थानीय लोगों ने अपने घरों गंदे पानी को निकालते हुए सफाई की। इस दौरान स्थानीय लोगों को भारी मशक्कत करनी पडी है।
नगर पालिका प्रशासन का विरोध
जनकपुरी में पालिका प्रशासन का विरोध, नारेबाजी-प्रदर्शन शहर के मोहल्ला जनकपुरी में हुए जलभराव को लेकर स्थानीय लोगों ने जमकर नगर पालिका प्रशासन का विरोध किया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका प्रशासन के द्वारा यहां पर नाले की सफाई नहीं कराई गई है। जिस कारण मोहल्लों में गंदा पानी भर गया। गुस्साए लोगों ने चेयरपर्सन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यहां तक कि मुजफ्फरनगर सदर के भाजपा विधायक एवं राज्यमंत्री के प्रति नाराजगी जताई। लोगों ने कहा यदि जलभराव की समस्या का स्थाई समाधान नहीं होता है तो वह आगामी चुनाव में मतदान नहीं करेंगे। उधर, रामपुरी के कुछ लोगों ने जलभराव की समस्या को लेकर चेयरपर्सन के आवास पर पहुंचकर प्रदर्शन किया है।
कार्यवाही की दिशा में कदम
ईओ और पूरी टीम को साथ लेकर फील्ड में उतरी चेयरपर्सन शुक्रवार को बारिश के बीच चेयरपर्सन व ईओ नगर पालिका की पूरी टीम के साथ फील्ड में उतरी है। उन्होंने शहरी क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में हुए जलभराव का निरीक्षण किया। वहीं नालों पर हुए अतिक्रमण को हटाने के सख्त निर्देश दिए। कांवड़ मार्ग स्थित बझेड़ी अंडरपास में भारी जलभराव को देखते हुए पालिका की सुपर सोकर मशीन लगाकर पानी निकालने का कार्य कराया गया। इस दौरान चेयरपर्सन ने स्थानीय लोगों के साथ संवाद भी किया।
चेयरपर्सन ने जानसठ रोड, मीका विहार, गांधी कॉलोनी मेन रोड, गांधी वाटिका, केवलपुरी, बसंत विहार, साकेत, लद्दावाला, रामपुरी, केशवपुरी, भोपा रोड स्थित मॉल के सामने तथा कांवड़ मार्ग पर बझेड़ी अंडरपास सहित अनेक क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने जलभराव से प्रभावित इलाकों में स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। बसंत विहार और साकेत क्षेत्र में तालाब के ओवरफ्लो होने से कई मकानों में पानी भर जाने की शिकायत पर चेयरपर्सन स्वयं जलभराव वाले क्षेत्रों में पैदल पहुंचीं। सफाई कर्मचारियों की टीम बुलाकर नालियों की सफाई कराई और जेसीबी मशीन लगवाकर नालों से अवरोध हटवाए, जिससे जल निकासी की व्यवस्था सुचारू हो सकी। गांधी कॉलोनी मेन रोड और भोपा रोड स्थित मॉल के सामने नाले के अवरुद्ध होने के कारण जल निकासी प्रभावित होने की शिकायत मिलने पर भी तत्काल कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान केशवपुरी में निर्माणाधीन आरसीसी नाली को लेकर स्थानीय नागरिकों ने गुणवत्ता संबंधी शिकायतें दर्ज कराईं। कांवड़ मार्ग स्थित बझेड़ी अंडरपास में भारी जलभराव को देखते हुए पालिका की सुपर सोकर मशीन लगाकर पानी निकालने का कार्य कराया गया। लद्दावाला और रामपुरी क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर लंबे समय से बने जलभराव का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान सभासद अमित पटपटिया, अभिजीत गंभीर, मौहम्मद खालिद, आदिल मलिक, इरशाद अंसारी, अधिशासी अधिकारी पवन कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अन्नू चौधरी, एई जलकल अनुज कुमार, जेई जलकल धर्मवीर और जितेन्द्र सैनी, एसएफआई प्लाक्षा मैनवाल और वैशाली सोती के अलावा जेएस एनवायरो सर्विसेज प्रा. लि. के प्रोजेक्ट हैड नीतेश चौधरी, अनुज कुमार और सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।


