एसडीएम ने तहसील परिसर स्थित कार्यालयों का निरीक्षण किया
Muzaffar-nagar News - सोमवार को एसडीएम ने तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की और संतोष व्यक्त किया। हालांकि, सरकारी राशि के जमा करने की प्रक्रिया पर कर्मचारियों के अस्पष्ट उत्तरों पर एसडीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी कर्मचारियों को पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश दिए।

प्रशासनिक कार्यप्रणाली को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को एसडीएम ने तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। सोमवार को निरीक्षण के दौरान सबसे पहले एसडीएम ने सभी कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति रजिस्टर की जांच की। इस दौरान सभी कर्मचारी समय पर उपस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। इसके बाद उन्होंने कानूनगो कार्यालय और नायब नाजीर कार्यालय का निरीक्षण किया, जहां राजस्व संबंधी कार्यों और अभिलेखों की स्थिति को परखा। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कर्मचारियों से खतौनी शुल्क के रूप में जमा होने वाली सरकारी राशि के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने यह भी पूछा कि जमा धनराशि का मैसेज किस प्रक्रिया के तहत संबंधित खातों तक पहुंचता है।
इस पर उपस्थित कर्मचारी स्पष्ट और संतोषजनक उत्तर देने में असफल रहे, जिस पर एसडीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई और कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व लिपिक पटल का निरीक्षण किया, जहां अभिलेखों का रख-रखाव एवं कार्य संतोषजनक पाया गया। एसडीएम ने निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी अपने कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखें तथा शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता को समयबद्ध सेवाएं प्रदान करें। इस निरीक्षण के दौरान तहसीलदार श्रीमती श्रद्धा गुप्ता, नायब तहसीलदार बृजेश कुमार, सुनील शर्मा, संजीव शर्मा, स्टेनो शेखर वर्मा आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


