Hindi NewsUttar-pradesh NewsMuzaffar-nagar NewsResidents of Kaleem Colony Struggle with Basic Amenities Amidst Flooding and Poor Infrastructure
बोले मुजफ्फरनगर: सड़क खराब, पानी के लिए तरस रहे लोग

बोले मुजफ्फरनगर: सड़क खराब, पानी के लिए तरस रहे लोग

संक्षेप: Muzaffar-nagar News - मुज़फ्फरनगर के कलीम कॉलोनी के निवासी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जीवन बिता रहे हैं। जलभराव, खराब सड़कें और बिजली की समस्या से जूझते हुए, यहां के लोग सुरक्षित जीवन की मांग कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से...

Fri, 24 Oct 2025 07:50 PMNewswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फर नगर
share Share
Follow Us on

मुज़फ्फरनगर शहर की कलीम कॉलोनी के निवासी आज भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जीवन बिता रहे हैं। विकास की मुख्यधारा से कोसों दूर यह कॉलोनी ऊबड़-खाबड़ सड़कों, जलभराव, बिजली और पानी जैसी समस्याओं से बुरी तरह जूझ रही है। बरसात के मौसम में तो यहां की हालत और भी बदतर हो जाती है, जब गलियों में घुटनों तक पानी भर जाता है और लोगों का बाहर निकलना भी दूभर हो जाता है। कॉलोनी का मुख्य मार्ग बुरी तरह से क्षतिग्रस्त है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं, जिनमें बारिश का पानी भरकर दलदल का रूप ले चुका है। आवागमन इतना मुश्किल हो गया है कि स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

जलभराव के कारण दोपहिया वाहन अक्सर फिसल जाते हैं, जिससे आए दिन चोट लगने की घटनाएं सामने आती हैं। सबसे चिंताजनक स्थिति कॉलोनी के बीचों बीच लगे विद्युत ट्रांसफार्मर की है, जो कई बार पानी में डूबा रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन प्रशासन आंख मूंदे बैठा है। बच्चों के खेलने की जगह नहीं है और जो थोड़ी बहुत जगह है, वहां भी पानी भरा रहता है जिससे मच्छर पनपते हैं और बीमारी फैलने का खतरा बना रहता है। पेयजल की समस्या भी लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है। कॉलोनी में सरकारी नल की संख्या बहुत कम है और जो हैं भी, उनमें नियमित रूप से पानी नहीं आता। लोगों को या तो दूर-दराज से पानी लाना पड़ता है या प्राइवेट टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ता है, जो सभी के लिए संभव नहीं है। स्थानीय निवासी कई बार नगरपालिका और सभासद से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों का कहना है कि चुनावों के दौरान नेता बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन जीतने के बाद क्षेत्र की समस्याएं भूल जाते हैं। कॉलोनी के निवासी जल्द समस्या का समाधान कराए जाने की मांग कर रहे हैं। -------------- -ट्रांसफार्मर बना खतरे की घंटी, कलीम कॉलोनी में जलभराव से बढ़ा हादसे का खतरा कलीम कॉलोनी इन दिनों एक गंभीर खतरे के साये में जी रही है। लगातार बारिश के कारण कॉलोनी की गलियों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इसी जलमग्न इलाके में एक विद्युत ट्रांसफार्मर पूरी तरह से पानी से घिर चुका है, जो अब एक बड़े हादसे को दावत दे रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि ट्रांसफार्मर के आसपास हर समय बच्चे खेलते रहते हैं और लोग उसी रास्ते से आ-जा रहे हैं। पानी में करंट फैलने की आशंका से लोग दहशत में हैं, लेकिन अब तक न तो नगर निगम और न ही बिजली विभाग ने कोई ठोस कदम उठाया है। स्थानीय निवासी जिशान का कहना है कि हमने कई बार अधिकारियों को शिकायत दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अगर करंट फैल गया तो बहुत बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से जल निकासी की व्यवस्था की जाए और ट्रांसफार्मर को ऊंचे प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट किया जाए। साथ ही ट्रांसफार्मर के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाया जाए ताकि कोई पास न जा सके। -------------- - कलीम कॉलोनी की जर्जर सड़कों से बढ़ा हादसों का खतरा शहर की कलीम कॉलोनी की मुख्य सड़क इन दिनों अपनी खस्ता हालत को बयां कर रही है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढे, और कच्ची सड़क पर लगातार बहता गंदा पानी लोगों के लिए गंभीर खतरा बन गया है। इस सड़क से रोजाना लोग गुजरते हैं, लेकिन यह रास्ता अब दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी न तो नगरपालिका ने सुध ली है और न ही किसी जनप्रतिनिधि ने मौके का दौरा किया है। स्थानीय निवासी अमजद ने बताया कि बारिश के बाद स्थिति और भी खराब हो गई है। रास्ते में इतने गड्ढे हैं कि गाड़ी चलाना मुश्किल हो गया है। सड़क में गड्ढों का मक्कड जाल होने के कारण कलीम कॉलोनी की सड़कें वर्षों से निर्माण का इंतजार कर रही है। लोगों का कहना है कि बरसात के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाज़ा लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे फिसलन और गिरने की घटनाएं आम हो चुकी हैं। जलभराव के कारण कई बार दोपहिया वाहन चालक हादसें का शिकार हो चुके है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि यदि नगरपालिका व लोक निर्माण विभाग द्वारा जल्द समस्या का समाधान नहीं कराया गया तो धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होगें। ---------------- - पानी की निकासी नहीं होने के कारण जलभराव की समस्या से परेशान है स्थानीय लोग शहर की कलीम कॉलोनी के लोग इन दिनों नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। बारिश के बाद या रोजमर्रा के पानी के उपयोग के बाद जल निकासी की कोई व्यवस्था न होने के कारण लोगों को अपने घरों के सामने खुद गड्ढे खोदकर पानी निकालना पड़ रहा है। कॉलोनी की सड़कों, गलियों और खाली प्लॉटों में पानी भरने से रहवासी परेशान हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद नगरपालिका की तरफ से अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार कॉलोनी में नालियों का निर्माण अधूरा है और जहां नालियां हैं भी, वहाँ समय पर उनकी सफाई नहीं होती है। नतीजा यह है कि मामूली बारिश में ही सड़कों पर पानी भर जाता है और गंदगी का अंबार लग जाता है। हालात इतने बदतर हैं कि कुछ लोगों ने अपने घर के सामने गड्ढे खोदकर उसमें पानी इकट्ठा करना शुरू कर दिया है ताकि पानी अंदर न घुसे। कॉलोनी में जलभराव के कारण मच्छरों की भरमार हो गई है। डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का डर लोगों के बीच साफ देखा जा सकता है। बच्चों और बुजुर्गों की सेहत को लेकर अभिभावक खासे चिंतित हैं। खाली प्लॉटों में लंबे समय तक जमा पानी दुर्गंध फैलाने लगा है, जिससे आस-पास रह रहे लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासी सरताज प्रधान का कहना है कि हमने कई बार नगरपालिका में शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन न तो कोई कर्मचारी आया और न ही कोई सुनवाई हुई है। हर बार आश्वासन दिया जाता है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। कॉलोनी के लोगों की मांग है कि कॉलोनी में जल्द से जल्द पक्की नालियों का निर्माण किया जाए और मौजूदा नालियों की सफाई नियमित रूप से की जाए। साथ ही खाली प्लॉटों में जलनिकासी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए ताकि जलभराव की समस्या से निजात मिल सके। --------------- - पथ प्रकाश की सुविधा से वंचित हो रहे कलीम कॉलोनी के लोग कलीम कॉलोनी के निवासी इन दिनों गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। यहां की सड़कों पर पथ प्रकाश की सुविधा लगभग ना के बराबर है। रात होते ही पूरी कॉलोनी अंधेरे में डूब जाती है, जिससे लोगों को न केवल आने-जाने में परेशानी होती है, बल्कि उनकी सुरक्षा पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगरपालिका से शिकायत की है, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कॉलोनी की कई गलियों में स्ट्रीट लाइटें या तो कभी लगाई ही नहीं गईं या फिर वर्षों से खराब पड़ी हैं। ऐसे में खासकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को रात में घर से बाहर निकलने में डर लगता है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई करेगा, ताकि उन्हें सुरक्षित और सुविधाजनक जीवन मिल सके। उनका कहना है कि नगरपालिका को कॉलोनी में पर्याप्त स्ट्रीट लाइटों का निर्माण कराना चाहिए, जिससे कॉलोनी के लोगों को समस्या को निजात मिल सके। ---------------- - पेयजल की सुविधा से वंचित हो रहे कलीम कॉलोनी के लोग नगरपालिका में शामिल कलीम कॉलोनी के सैकड़ों निवासी आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। आधुनिक विकास की बातें भले ही सरकार और प्रशासन की प्राथमिकता में हों, लेकिन कलीम कॉलोनी की ज़मीन पर हकीकत कुछ और ही है। यहां रहने वाले लोगों को आज भी पेयजल जैसी आवश्यक सुविधा के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कॉलोनी में पानी की पाइपलाइन आज तक नहीं बिछाई गई है। हैंडपंप और सार्वजनिक नल की व्यवस्था भी ना के बराबर है। ऐसे में लोगों को या तो महंगा पानी खरीदना पड़ता है या फिर दूर-दराज के इलाकों से पानी लाना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को होती है। गर्मी के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। जब टैंकरों से पानी सप्लाई किया जाता है, तो वहां अफरातफरी मच जाती है। टैंकर भी नियमित नहीं आते और जब आते हैं, तो उनकी मात्रा जरूरत के हिसाब से काफी कम होती है। स्थानीय लोगों ने कई बार नगरपालिका और सभासद को समस्या के संबंध में शिकायत की है, लेकिन समाधान के नाम पर सिर्फ आश्वासन ही मिला है। क्षेत्रीय सामाजिक कार्यकर्ता भी प्रशासन की उदासीनता पर सवाल उठा चुके हैं। कॉलोनी के लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द यहां पानी की पाइपलाइन बिछाई जाए और हर घर तक नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। कलीम कॉलोनी की यह समस्या सिर्फ एक मोहल्ले की नहीं, बल्कि शहर के उस विकास मॉडल पर भी सवाल खड़ा करती है, जिसमें बुनियादी जरूरतें पीछे छूट जाती हैं। ---------------- -- शिकायतें और सुझाव -- - शिकायतें 1. कलीम कॉलोनी में कच्ची सड़कों के कारण वाहन तो दूर पैदल चलना तक दुश्वार हो रहा है, उबड़ खबाड़ सड़क के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक हादसें का शिकार हो रहे है। 2. नालियों के निर्माण के आभाव में पानी की निकासी नहीं होने के कारण सड़क या खाली प्लाट में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिस कारण गंदगी से लोग से बेहाल है। 3. कॉलोनी में पथ प्रकाश की सुविधा नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिस कारण कई बार अंधेरा होने के कारण लोग घायल हो गए है। 4. पेयजल के लिए कॉलोनी में वाटर हैडटेंक और टंकी का निर्माण नहीं कराया गया है, जिस कारण कॉलोनी के लोगों को पेयजल संकट जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ----- - सुझाव 1. कलीम कॉलोनी में नगरपालिका और लोक निर्माण विभाग को जल्द कच्ची सड़कों का निर्माण कराना चाहिए, जिससे कॉलोनी के लोगों के साथ ही वाहन चालकों को भी समस्या से निजात मिल सके। 2. पानी निकासी के लिए नगरपालिका को नालियों का निर्माण कराना चाहिए, जिससे कॉलोनी के लोगों को जलभराव की समस्या से निजात मिल सके और सड़क पर जलभराव ना हो। 3. नगरपालिका द्वारा कॉलोनी में पथ प्रकाश की सुविधा के लिए स्ट्रीट लाइटों का निर्माण कराना चाहिए, जिससे कॉलोनी के लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर सके और आवागमन आसान हो सके। 4. कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति के लिए वाटर हेडटेंक का निर्माण कराया जाना चाहिए, जिससे कॉलोनी के लोगों को पेयजल की समस्या से राहत मिल सके और जल आपूर्ति समय से हो सके। ------------------- - बोले जिम्मेदार कलीम कॉलोनी के लोगों द्वारा नगरपालिका में कोई शिकायत नहीं की गई है। हिन्दुस्तान के माध्यम से जो भी समस्याएं सामने आई है, उनका नगरपालिका की टीम से निरीक्षण कराते हुए प्रमुखता के साथ समाधान कराया जाएगा। मीनाक्षी स्वरूप, चेयरपर्सन नगरपालिका --------------- नगरपालिका द्वारा कॉलोनी में पथ प्रकाश की सुविधा के लिए स्ट्रीट लाइटों का निर्माण कराना चाहिए, जिससे कॉलोनी के लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर सके और आवागमन आसान हो सके। सरताज प्रधान --------------- पानी निकासी के लिए नगरपालिका को नालियों का निर्माण कराना चाहिए, जिससे कॉलोनी के लोगों को जलभराव की समस्या से निजात मिल सके और सड़क पर जलभराव ना हो। मोहम्मद आकिल --------------- कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति के लिए वाटर हेडटेंक का निर्माण कराया जाना चाहिए, जिससे कॉलोनी के लोगों को पेयजल की समस्या से राहत मिल सके और जल आपूर्ति समय से हो सके। अलीहसन --------------- कलीम कॉलोनी में सड़क पर जलभराव होने और ट्रांसफार्मर लगा होने के कारण हादसें का खतरा बना रहता है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नूरहसन --------------- सड़क में जगह-जगह बने गहरे गड्ढे, और कच्ची सड़क पर लगातार बहता गंदा पानी लोगों के लिए गंभीर खतरा बन गया है। इस सड़क से रोजाना लोग गुजरते हैं, लेकिन यह रास्ता अब दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। असमोहम्मद --------------- बारिश के बाद या रोजमर्रा के पानी के उपयोग के बाद जल निकासी की कोई व्यवस्था न होने के कारण अपने घरों के सामने खुद गड्ढे खोदकर पानी निकालना पड़ रहा है। शाहनवाज --------------- कलीम कॉलोनी में नगरपालिका और लोक निर्माण विभाग को जल्द कच्ची सड़कों का निर्माण कराना चाहिए, जिससे कॉलोनी के लोगों के साथ ही वाहन चालकों को भी समस्या से निजात मिल सके। जिशान --------------- सड़क ऊबड़-खाबड़ सतह की होने के कारण आमजन को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में तो यह सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है। अरशद अंसारी --------------- कॉलोनी में पथ प्रकाश की सुविधा के लिए नगरपालिका को स्ट्रीट लाइटों का निर्माण कराना चाहिए, जिससे कॉलोनी के लोगों को अंधेरे की समस्या से निजात मिल सके। इकबाल --------------- कॉलोनी में सीवर लाइन और नाली का निर्माण कराया जाना चाहिए, जिससे बरसात के समय सड़कों पर होने वाली जलभराव की समस्या से निजात मिल सके। सालिम --------------- पेयजल के लिए कॉलोनी में वाटर हैडटेंक और टंकी का निर्माण नहीं कराया गया है, जिस कारण कॉलोनी के लोगों को पेयजल संकट जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अमजद --------------- कॉलोनी में पथ प्रकाश की सुविधा नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिस कारण कई बार अंधेरा होने के कारण लोग घायल हो गए है। सुलेमान --------------- कलीम कॉलोनी में कच्ची सड़कों के कारण वाहन तो दूर पैदल चलना तक दुश्वार हो रहा है, उबड़ खबाड़ सड़क के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक हादसें का शिकार हो रहे है। नदीम