
परिक्रमा मार्ग तालाब में तब्दील, विजय हिन्दुस्तानी हाथ व पैरों में बेड़ियां पहनकर जल समाधि ली
Muzaffar-nagar News - मुजफ्फरनगर में परिक्रमा मार्ग की जर्जर स्थिति और जलभराव के विरोध में समाजसेवी विजय हिन्दुस्तानी ने जल समाधि ली। उनके विरोध को देखकर छात्रों और नागरिकों ने भी साथ दिया। प्रशासन ने समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस मुद्दे को लेकर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी।
शहर के परिक्रमा मार्ग आज से नहीं बल्कि पिछले दो साल से अधिक समय से नाले व सड़क का निर्माण सही तरीके से न होने की वजह तालाब में तब्दील हो गया है। परिक्रमा मार्ग पर नाले- नालियों एवं लोगों के घरों के गंदे पानी का बहाव आम बात हो गई। कई-कई फीट गहरे गड्ढे व जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग पर जलभराव के चलते कई बार ई रिक्शा एवं अन्य वाहन तक पलट चुकी है। ऐसा नहीं है कि इन सब समस्याओं से यहां के पालिका व जिला प्रशासन अवगत न हो लेकिन आज तक किसी ने इसकी सुध नहीं ली ।

ऐसे में इसके विरोध में गुरुवार को समाजसेवी एवं जागरूक नागरिक विजय हिन्दुस्तानी ने तिरंगा झंडा लहराते हुए गंदे पानी में बैठ कर जल समाधि ली और पुरजोर विरोध जताया। इतना ही नहीं विजय हिंदुस्तानी को देखकर श्रीराम कालेज के दर्जनों छात्र एवं आसपास के नगरवासी भी मौके पर पहुंच गए और सड़क व नाले का निर्माण कराने की मांग की। मौके पर पहुंचे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझा बुझाकर जल समाधि से उठाया और शीघ्र सड़क निर्माण का आश्वासन दिया। शहर के श्रीराम कालेज के सामने परिक्रमा मार्ग जर्जर और क्षतिग्रस्त होने के साथ एक तरह से तालाब में तब्दील हो गया है। इस समस्या को हिन्दुस्तान ने बोले मुजफ्फरनगर के कॉलम में प्रकाशित कर समस्या का समाधान कराने का काम किया। खबर का असर यह हुआ कि परिक्रमा मार्ग पर कुछ हिस्सों में करीब 50 लाख से अधिक की लागत से नाले का निर्माण शुरू हो गया है लेकिन स्थाई समाधान न होने की वजह से सड़कों पर गंदे पानी का बहाव बदस्तूर जारी रहा। लिहाजा उक्त परिक्रमा मार्ग एक तरह से तालाब में तब्दील हो गया। अक्सर ई रिक्शा , बाइक व एंबुलैंस पलटने की घटनाएं घटित होती रही। कई बार मोहल्लेवासियों के साथ श्रीराम कालेज के छात्र-छात्राओं ने आवाज उठाई लेकिन समस्या ज्यों की त्यों बनी रही। ऐसे में गुरुवार को समाजसेवी एवं जागरूक नागरिक विजय हिन्दुस्तानी ने हाथ-पैर लोहे की जंजीरों से जकड़ लिए। हाथ में तिरंगा थामा और परिक्रमा मार्ग के बीच बने जलजमाव वाली गड्ढे में बैठ गया। विजय हिंदुस्तानी ने कहा जब तक सड़क एवं नाली निर्माण का पक्का आश्वासन नहीं मिलेगा यहां से नहीं हटूंगा। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उधर छात्र नेता विशु मलिक सहित कई छात्र भी साथ में खड़े हो गए, नारे लगने लगे - “गड्ढे बंद करो, वरना हम नहीं हटेंगे। बाद में नगर पालिका के ईओ, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर आदि मौके पर पहुंचकर शीघ्र समस्या का समाधान का आश्वासन दिया। --------------------------------------- जागरूक नागरिक व छात्रों के विरोध के चलते शहर विधायक/मंत्री भी हरकत में दिखाई दिए श्रीराम कालेज के समीप खस्ता हाल सड़क और जलभराव को लेकर जागरूक नागरिक एवं छात्रों के विरोध के चलते मुजफ्फरनगर सदर विधायक एवं प्रदेश के कौशल विकास मंत्री कपिलदेव अग्रवाल भी हरकत में दिखाई दिए। मंत्री ने इस मामले को लेकर नगर पालिका , प्राधिकरण एवं जल निगम के अफसरों से कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही आनन-फानन में गांधी नगर स्थित अपने आवास पर अफसरों को तलब कर इस समस्या का शीघ्र निदान कराने की बात कही। राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अपने आवास पर भाजपा नेता गौरव स्वरूप , जल निगम के अधिशासी अभियंता, नगर पालिका ईओ, सहायक अभियंता कनिष्ठ अभियंता के अलावा मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के अफसरों के साथ वार्ता की। उन्होंने स्वयं स्थल पर पहुंच कर सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रेलवे फाटक के पास खुदी हुई सड़क, जलभराव व आवागमन में आ रही कठिनाइयों को लेकर उन्होंने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की। रेलवे सहित उच्च अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि फाटक से संबंधित सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। जिससे सड़क निर्माण में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। मंत्री ने जल निगम और नगर पालिका परिषद के अधिकारियों की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। निर्देशित किया कि पहले जलनिकासी की स्थायी, वैज्ञानिक एवं प्रभावी योजना तैयार की जाए। उसके बाद सड़क निर्माण कार्य को तेज गति से प्रारंभ किया जाए। भविष्य में सड़क पुन: खराब न हो। उन्होंने कहा कि यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसकी बदहाली के कारण क्षेत्रवासियों को लंबे समय से भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने इस पूरे विषय को गंभीरता से लेते हुए डीएम को भी दूरभाष पर निर्देशित किया कि सभी संबंधित विभागों के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्य को अविलंब प्रारंभ कराया जाए। इस मामले में लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




