दरोगा की पिस्टल लेकर भागा बदमाश मुठभेड़ में दबोचा
Muzaffar-nagar News - मुजफ्फरनगर के खतौली में एक बदमाश ने पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद दरोगा से पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग में बदमाश को घायल कर दिया और उसे गिरफ्तार कर लिया। बदमाश ने तीन दिन पहले एक किसान को गोली मारी थी।

मुजफ्फरनगर/खतौली खतौली के रतनपुरी थाना क्षेत्र में सोमवार रात दरोगा से पिस्टल छीनकर भाग रहे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। घायल बदमाश को पुलिस ने खेत से पकड़ा। उसके पास से छीनी गई पिस्टल, गोलियों से भरी मैगजीन को बरामद किया है। पकड़े गए बदमाश ने तीन दिन पहले समौली निवासी एक किसान को गोली मारी थी।पुलिस अधीक्षक देहात अक्षय संजय महाडिक व पुलिस क्षेत्राधिकारी गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि तीन दिन पहले समौली गांव निवासी किसान रिंकू को बाइक सवार युवक ने गोली मार दी थी, जिसमें रिंकू घायल हो गया था।
गांव निवासी तीन लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की तो सोमवार रात आरोपी मंजीत उर्फ काला को पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आरोपी ने पेट दर्द का बहाना किया तो दरोगा शैलेन्द्र सिंह, सिपाहियों के साथ उसे लेकर बुढ़ाना सीएसची जाने लगे। कुछ दूर जाने के बाद आरोपी ने कहा कि बहुत तेज दर्द है, गाड़ी रोक दो। गाड़ी रुकते ही मंजीत ने दरोगा को धक्का देकर उनकी पिस्टल छीन ली और खेतों में भागने लगा।पुलिस उसके पीछे दौड़ी लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर खेत में छिप गया। कुछ देर बाद रतनपुरी इंस्पेक्टर राकेश कुमार और एसओजी टीम भी पहुंच गई। टीम ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पिस्टल से फायर कर दिया। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, गोली आरोपी के पैर में लगी। आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


