Muzaffarnagar News: खतौली में जुमे की नमाज को लेकर पुलिस रही अलर्ट
Muzaffarnagar News: खतौली में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया। प्रमुख मस्जिदों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया। एसएसपी ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और लोगों को अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी। नमाज शांतिपूर्ण संपन्न होने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।

Muzaffarnagar News: खतौली। शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। नगर की प्रमुख मस्जिदों और संवेदनशील स्थानों के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया। जानसठ तिराहे पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रही। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एसएसपी संजय कुमार वर्मा खतौली पहुंचे। उन्होंने जानसठ तिराहे पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और जुमे की नमाज संपन्न होने तक मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद एसएसपी कोतवाली पहुंचे और वहां व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। कोतवाली में दिन का अफसर मौजूद नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि कोतवाली में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत का रिकार्ड जरूर बनाया जाए।
पिछले दिनों सहारनपुर में सरकारी जमीन पर बनाई गई मस्जिद के ध्वस्तीकरण के बाद खतौली में भी पुलिस-प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती। अधिकारियों ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर लोगों को सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया। लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने के बाद पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली। इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी चौधरी रूपाली राय, एसडीएम डॉ. ललित कुमार मिश्रा, कोतवाली प्रभारी दिनेश बघेल समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


