Hindi NewsUttar-pradesh NewsMuzaffar-nagar NewsPM Svanidhi Scheme Launch of Credit Cards and Loan Distribution for Street Vendors
चेयरपर्सन ने पीएम स्वनिधि योजना के पात्रों को किया लाभान्वित

चेयरपर्सन ने पीएम स्वनिधि योजना के पात्रों को किया लाभान्वित

संक्षेप:

Muzaffar-nagar News - नगर पालिका के सभागार में पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत रेहड़ी-पटरी वाले गरीब पात्रों के लिए क्रेडिट कार्ड और एक लाख रुपये तक ऋण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव प्रसारण किया गया। चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने ऋण प्रमाण पत्र वितरित किए और बैंक प्रतिनिधियों ने ऋण स्वीकृतियों पर चर्चा की।

Jan 23, 2026 11:10 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फर नगर
share Share
Follow Us on

नगर पालिका के सभागार में पीएम स्वनिधि योजना के तहत रेहड़ी-पटरी वाले गरीब पात्रों के लिए क्रेडिट कार्ड लांच एवं एक लाख रुपये तक ऋण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा केरल के तिरुवंतपुरम से पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड योजना के शुभारंभ का लाइव प्रसारण किया गया। जिससे नगर के लाभार्थी सीधे तौर पर जुड़े। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहीं चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत 15, 20 और 50 हजार रुपये के स्वीकृत ऋण के प्रमाण पत्र लाभार्थियों को वितरित किए। कार्यक्रम में बैंक प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया, जिन्होंने लंबित आवेदनों पर संज्ञान लेते हुए तत्काल ऋण पत्रावलियों को स्वीकृत किया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

साथ ही क्रेडिट कार्ड योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए शीघ्र कार्ड वितरण के निर्देश दिए गए। मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने करोड़ों नागरिकों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा है। अब गरीब, एससी-एसटी, ओबीसी और महिलाओं को बिना गारंटर के भी आसानी से बैंक ऋण मिल रहा है। जिसका कोई गारंटर नहीं, सरकार स्वयं उनकी गारंटी बन रही है, जिससे आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिला है। उन्होंने केन्द्र सरकार की योजनाओं और पीएम मोदी की गरीब कल्याण की नीति का उल्लेख करते हुए बताया कि गरीब परिवारों का बिजली बिल कम करने के लिए पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना शुरू की गई है। आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य उपचार मिल रहा है। महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए मातृ वंदना योजना लागू की गई है। साथ ही 12 लाख रुपये तक की आय को कर मुक्त किए जाने से मध्यम वर्ग और नौकरीपेशा लोगों को सीधा लाभ पहुंचा है। उन्होंने कहा कि पहले सड़कों और गलियों में सामान बेचने वाले रेहड़ी-पटरी कारोबारियों की स्थिति बेहद कमजोर थी। पीएम स्वनिधि योजना ने उन्हें बैंकिंग सहायता से जोड़ा और लाखों लोगों को पहली बार बैंक से ऋण मिला। अब क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से उन्हें और अधिक वित्तीय सुविधा मिलेगी। इस दौरान सभासद कुसुमलता पाल, अमित पटपटिया, सभासदपति विकल्प जैन, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही आदि मौजूद रहे।