Muzaffarnagar News: .घर से लापता युवक का शव मिला प्लाट में, परिजनों में कोहराम मचा
Muzaffarnagar News: सोमवार को मोरना में एक युवक अरविंद पाल का शव सब्जी मंडी के पास एक खाली प्लाट में मिला। अरविंद की मौत के कारणों का अभी पता नहीं चला है, जबकि उसकी पत्नी और तीन बच्चों के लिए आजीविका संकट उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।

Muzaffarnagar News: सोमवार को दिन निकलते ही मोरना में सब्जी मंडी के पास ध्यान सिंह यादव के खाली पड़े प्लाट में एक युवक का शव पड़ा मिला। शव को देखकर जहां ग्रामीणों में हड़कंप मच गया वहीं परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक शव की शिनाख्त अरविंद पाल के रूप में हुई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार भोपा थाना क्षेत्र के गांव मोरना निवासी 33 वर्षीय अरविंद पाल उर्फ सुक्का पुत्र जसपाल का शव सोमवार की सुबह सब्जी मंडी के पास खाली पड़े प्लाट में मिला। मृतक के भाई अर्जुन ने बताया कि बड़ा भाई अरविंद रविवार की सुबह छह बजे से गायब था। जिसकी तलाश की जा रही थी। अरविंद का शव मिलने से हड़कम्प मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई । मोरना चौकी प्रभारी पिंटू चौधरी ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि अरविंद मजदूरी कर परिवार की गुजर बसर करता था। परिवार में पत्नी नोरती, आठ वर्षीय पुत्र कुंज,छह वर्षीय पुत्री अवनी व चार वर्षीय अनवी को छोड़ गया है। अरविंद की मौत के बाद परिवार की आजीविका का संकट उत्पन्न हो गया है। पत्नी नोरती सहित भाई अमित कुमार,अनुज कुमार, अर्जुन कुमार बहन डोली,राखी, सुमन का रो- रो कर बुरा हाल है। ग्राम प्रधान सर्वेन्द्र राठी, अरुणपाल, आसपा नेता संजय रवि,महकपाल प्रधान,अरविन्द कुमार आदि ने मृतक के परिवार के लिए शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है.
रहस्य बनी अरविंद की मौत
अरविंद पाल की मौत किस प्रकार हुई यह रहस्य बना हुआ है। मृतक का घर गांव स्थित मेला ग्राउंड के पास है।लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर कब्रिस्तान के बराबर में खाली पड़े प्लाट में मिले शव के सिर पर चोट का निशान भी बताया गया है। मौत का कारण भले ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चले लेकिन आबादी के बीच शव मिलने से दहशत व्याप्त हो गयी है।


