रोमांचक मुकाबलों में क्रिस्टल बालाजी और सिल्वरटन टाइगर्स की जीत
Muzaffar-nagar News - मुजफ्फरनगर प्रीमियर लीग-2 के तहत क्रिस्टल बालाजी टाइटंस ने बिंदल स्ट्राइकर्स को 3 रन से हराया, जबकि सिल्वरटन टाइगर्स ने रितुराज शर्मा की धुंआधार पारी की बदौलत क्रिकेटरी चैंप्स को 7 विकेट से मात दी। शोएब सिद्दीकी और रितुराज शर्मा को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।

सीसीएस स्पोर्ट्स स्टेडियम में जारी मुजफ्फरनगर प्रीमियर लीग-2 के दसवें और ग्यारहवें मुकाबले में जोश दिखाई दिया। जहाँ एक ओर क्रिस्टल बालाजी टाइटंस ने अंतिम गेंद तक चले संघर्ष में 3 रन से बाजी मारी, वहीं दूसरी ओर सिल्वरटन टाइगर्स ने रितुराज शर्मा के तूफानी प्रदर्शन के दम पर एकतरफा जीत दर्ज की। शनिवार को खेले गए पहले मैच में क्रिस्टल बालाजी टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 128 रन बनाए। शोएब सिद्दीकी (40 रन) की जुझारू पारी टीम के लिए संजीवनी साबित हुई। जवाब में बिंदल स्ट्राइकर्स की टीम अक्षय त्यागी (44 रन) के संघर्ष के बावजूद 125 रन ही बना सकी।
दीपक राणा और नफीस कुरैशी की धारदार गेंदबाजी ने टाइटंस को 3 रन से जीत दिला दी। शोएब सिद्दीकी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं दिन के दूसरे मुकाबले में क्रिकेटरी चैंप्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान सत्यम सांगू के 46 रनों की मदद से 122 रन का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिल्वरटन टाइगर्स की टीम ने रितुराज शर्मा की 42 गेंदों में 71 रनों की विस्फोटक पारी की बदौलत मैच को महज 13.2 ओवर में ही खत्म कर दिया। टाइगर्स ने 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। रितुराज को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ और सत्यम को ‘फाइटर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


