पुलिस ने मुठभेड़ में छह बदमाशों को पकड़ा, चार को लगी गोली
मुजफ्फरनगर जनपद में पुलिस ने चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मुठभेड़ के दौरान छह बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनमें से एक बदमाश घायल हुआ है। पुलिस ने अपहरण और चोरी के मामलों में भी आरोपियों को पकड़ा है। सभी आरोपियों का चालान कर दिया गया है।

मुजफ्फरनगर जनपद में गुरुवार देर रात से शुक्रवार तक पुलिस ने चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मुठभेड़ के दौरान छह बदमाशों को गिरफ्तार किया। शहर कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 20 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है, जो पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने नाबालिग का धर्म परिवर्तन कराने के उद्देश्य से अपहरण करने वाले आरोपी को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया है। वही शाहपुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो अंतरजनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया है। दोनों पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। वही बुढ़ाना पुलिस ने दो शातिर गोकशो को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपियों का पुलिस ने चालान कर दिया है।
शहर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई
शहर कोतवाली और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने गैंगस्टर में वांछित चल रहे 20 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस की गोली से बदमाश घायल हो गया। थाना प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ गुरुवार रात काली नदी पुल के पास चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने बाइक सवार संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में नितिन उर्फ हरिओम निवासी गांव मसौता थाना मसूरी जनपद गाजियाबाद पुलिस की गोली से घायल हो गया। पुलिस ने एक तमंचा व बाइक बरामद की है। बदमाश शहर कोतवाली से गैंगस्टर के मुकदमे में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी पर विभिन्न जनपदों में 25 से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
नाबालिग का अपहरण
नई मंडी कोतवाली पुलिस ने नाबालिग का धर्म परिवर्तन कर शादी करने के उद्देश्य से अपहरण करने वाले आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश से एक तमंचा बरामद किया है। पुलिस ने उसका चालान कर दिया है। थाना प्रभारी नई मंडी आनंद देव मिश्र ने बताया थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि आरोपी शाहरुख उर्फ मोनू निवासी गांव मखियाली थाना नई मंडी ने उसकी नाबालिग भतीजी को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया है। आरोपी तीन दिन पूर्व उसका धर्म परिवर्तन कर शादी करने के उद्देश्य से अपहरण कर फरार हो गया। देर रात पुलिस को सूचना मिली नाबालिग का अपहरण करने वाला आरोपी किशोरी को भोपा अंडरपास के पास छोड़ गया और पुलिस से बचने को सहावली गांव के कच्चे रास्ते पर छिपा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो आरोपी ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी शाहरुख उर्फ मोनू पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। वही किशोरी को सकुशल बरामद कर उसका मेडिकल करा दिया है। पुलिस जल्द ही किशोरी के कोर्ट में बयान दर्ज कराएगी। आरोपी से तमंचा बरामद किया है।
अंतरजनपदीय चोरों की गिरफ्तारी
थाना शाहपुर पुलिस ने गुरुवार देर रात मुठभेड़ में दो अंतरजनपदीय चोरों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है।
देर रात शाहपुर थाना प्रभारी गजेन्द्र पाल सिंह को सूचना मिली कि तितावी की तरफ से एक टेंपो में चोरी का सामान लेकर चोर आ रहे है। पुलिस ने कुटबा नहर पुलिया के पास चेकिंग शुरू की। पुलिस ने कुटबा नहर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान चोरी का सामान ले जा रहे दो अंतरजनपदीय चोरों मोनू उर्फ इसरार निवासी इसरार निवासी नूरनगर थाना लिसाड़ी गेट मेरठ और जफर निवासी तारापुरी अबरार नगर थाना लिसाड़ी गेट, मेरठ को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। दोनों बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। उनके पास से 250 किलो जस्ता, दो तमंचे और एक टेंपो बरामद किया गया।
गोकशों की गिरफ्तारी
थाना बुढ़ाना पुलिस ने मुठभेड़ में एक गोकश को गोली मारकर घायल कर दिया, जबकि उसके फरार साथी को पुलिस ने काम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से दो तमंचे व एक महेन्द्रा एक्सयूवी कार बरामद की है।
थाना प्रभारी बुढ़ाना सुभाष अत्री ने बताया कि देर रात बुढ़ाना पुलिस क्राउन स्कूल के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया तो कार को दौड़ा दिया। मंदवाडा के पास कार सड़क से नीचे उतर गई। कार रुकते ही कार सवार बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश सोनू उर्फ भूरा निवासी सद्दीकनगर थाना लिसाडी गेट, मेरठ गोली लगने से घायल हो गया। जबकि उसका साथी ईंख के खेत में छिप गया। पुलिस ने कांबिंग कर उसके साथी मोबीन निवासी मोहल्ला इकराम नगर थाना मवाना मेरठ को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों से दो तमंचे और कार बरामद की। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में गोकशी के मामले दर्ज है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


