Muzaffarnagar News: सीएमओ का जिला अस्पताल में निरीक्षण, चिकित्सकों को दिए निर्देश
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर के स्वामी कल्याणदेव जिला चिकित्सालय में सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने औचक निरीक्षण कर आपातकालीन सेवाओं, ओपीडी, पैथोलॉजी, ब्लड बैंक और विभिन्न वार्डों का जायजा लिया। अधिकांश डॉक्टर और कर्मचारी ड्यूटी पर उपस्थित मिले। सीएमओ ने भर्ती मरीजों से भोजन, दवाइयों और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली तथा सभी कर्मचारियों को त्वरित, गुणवत्तापूर्ण इलाज, साफ-सफाई और सहयोगपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर स्वामी कल्याणदेव जिला चिकित्सालय में शनिवर को सीएमओ ने औचक निरीक्षण किया। इस औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल की आपातकालीन सेवाओं, ओपीडी, पैथोलॉजी विभाग, ब्लड बैंक तथा विभिन्न वार्डों का गहनता से जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी सेवाओं में वरिष्ठ इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. नवनीत बंसल एवं समस्त फार्मासिस्ट ड्यूटी पर उपस्थित मिले, जिन्हें दिशा-निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, ईएनटी विभाग में वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. राकेश कुमार, ब्लड बैंक में डॉ. अनुपम सक्सेना, वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. योगेंद्र तिरखा, डॉ. शैलेश जैन, वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. अशोक कुमार, मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनिया सहगल तथा ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. ओवैस सिद्दीकी उपस्थित पाए गए।
जिला चिकित्सालय की डेंटल यूनिट और अन्य सभी वार्डों में भी समस्त चिकित्सक एवं स्टाफ अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद मिले। सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने अस्पताल के वार्डों का प्रत्यक्ष भ्रमण किया और भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने मरीजों से अस्पताल में मिलने वाले भोजन, दवाइयों की उपलब्धता और स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के बाद सीएमओ ने सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को कड़े निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को त्वरित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने और मरीजों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

