मेडिकल मेवेरिक्स और बालाजी टाइटंस का दबदबा

Mar 05, 2026 11:58 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फर नगर
share

Muzaffar-nagar News - चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में एमपीएल-2 के दौरान मेडिकल मेवेरिक्स ने सिल्वर्टन टाइगर्स को हराया, जबकि क्रिस्टल बालाजी टाइटंस ने अंबा वॉरियर्स को 71 रनों से मात दी। वैभव त्यागी ने 6 विकेट लिए और मैन ऑफ द मैच बने। टाइटंस ने 209 रन बनाकर वॉरियर्स को 138 पर समेट दिया।

मेडिकल मेवेरिक्स और बालाजी टाइटंस का  दबदबा

चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे एमपीएल-2 के दौरान गुरुवार को भी जबरदस्त मुकाबले हुए। गुरुवार को मेडिकल मेवेरिक्स ने अंतिम ओवरों के फेरबदल में सिल्वर्टन टाइगर्स को पटखनी दी, वहीं क्रिस्टल बालाजी टाइटंस ने एकतरफा मुकाबले में अंबा वॉरियर्स को धूल चटा दी। गुरुवार को सुबह पूल-बी के सुबह के सत्र में सिल्वर्टन टाइगर्स और मेडिकल मेवेरिक्स के बीच मुकाबला हुआ। मेडिकल मेवेरिक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर 167 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आदित्य शर्मा ने 62 गेंदों पर 12 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 72 रनों की शानदार पारी खेली।

दिव्यंश और दिनेश ने 21-21 रनों का योगदान दिया। टाइगर्स के लिए यश ने 2, जबकि कुलदीप, प्रशांत और प्रवीण ने 1-1 विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिल्वर्टन टाइगर्स 17वें ओवर तक जीत की ओर मजबूती से बढ़ रही थी। उसे 18 गेंदों में मात्र 21 रन चाहिए थे और 7 विकेट हाथ में थे। लेकिन कप्तान वैभव त्यागी की जादुई स्पिन गेंदबाजी ने मैच का पासा पलट दिया। जमे हुए बल्लेबाज शिवम चौधरी (78 रन, 51 गेंद) के रन आउट होते ही पारी ढह गई। अंतिम ओवर में 13 रनों की दरकार थी, लेकिन टीम केवल 2 रन बना सकी और पूरी टीम दो गेंद शेष रहते आउट हो गई। वैभव त्यागी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके। वैभव त्यागी को 'मैन ऑफ द मैच' और शिवम चौधरी को 'फाइटर प्लेयर' चुना गया। दूसरी पाली में टाइटंस का विशाल प्रहार अंबा वॉरियर्स पर देखने को मिला। मैच में क्रिस्टल बालाजी टाइटंस ने अंबा वॉरियर्स को 71 रनों के भारी अंतर से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टाइटंस ने कार्तिक सिद्दू की नाबाद 67 रनों की पारी और कुशल यादव व शोएब सिद्दीकी के 34-34 रनों की बदौलत 5 विकेट पर 209 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। जवाब में अंबा वॉरियर्स की टीम दबाव नहीं झेल सकी। रजत निरवाल की तूफानी गेंदबाजी (5 विकेट) के सामने पूरी टीम 17वें ओवर में महज 138 रनों पर सिमट गई। अंशुल पाल ने सर्वाधिक 37 रन बनाए। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए कार्तिक सिद्दू को मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया। विजेता खिलाड़ियों को एमसीए पदाधिकारियों ने पुरस्कृत किया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।