Muzaffarnagar News: कब्र से निकाला तालिब का शव, पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज
Muzaffarnagar News: मेरठ के फतेहउल्लापुर निवासी राजमिस्त्री तालिब की संदिग्ध मौत के मामले में गुरुवार को रसूलपुर दभेड़ी गांव में कब्र खोदकर शव निकाला गया। डीएम की अनुमति से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने पत्नी इल्मा और अमन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगी।

Muzaffarnagar News: बुढ़ाना मेरठ के लोहियानगर क्षेत्र के फतेहउल्लापुर निवासी राजमिस्त्री तालिब (30) की संदिग्ध मौत के मामले में गुरुवार को रसूलपुर दभेड़ी में कब्र खुदवाकर शव बाहर निकाला गया। डीएम की अनुमति के बाद पुलिस-प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में शव निकाला गया। इसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से तालिब की मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।गत 28 सितंबर को तालिब की मेरठ में मौत हुई थी। पत्नी इल्मा ने परिजनों को मौत स्वाभाविक होने की जानकारी दी थी। इसके बाद शव को पैतृक गांव रसूलपुर दभेड़ी में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। अंतिम संस्कार के बाद सामने आई तस्वीरों में गले पर निशान दिखने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई।
मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर लोहियानगर पुलिस ने पत्नी इल्मा और अमन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों ने आरोप लगाया कि इल्मा और अमन के बीच कथित संबंध थे और विवाद के बाद अमन को घर बुलाया गया था। आरोप है कि तालिब के साथ मारपीट कर दुपट्टे से गला दबाया गया। परिजनों ने पुलिस को मोबाइल फोन और वीडियो समेत कुछ साक्ष्य सौंपने का दावा किया है। वहीं, परिवार के अनुसार तालिब की मासूम बेटी इरम ने भी घटना को लेकर कुछ बातें बताई हैं। गुरुवार को एसडीएम सत्येंद्र कुमार, सीओ गजेंद्र पाल सिंह, सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रणव तेवतिया, नायब तहसीलदार अजय सिंह, डीपीटी डॉ. अजय और दभेड़ी चौकी प्रभारी छविकांत की मौजूदगी में कब्र खोदकर शव निकाला गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


