शुकतीर्थ में मां बगलामुखी पीतांबरा जयंती महोत्सव धूमधाम से मनेगा
Muzaffar-nagar News - शुकतीर्थ में पांडव कालीन माता पार्वती मंदिर में 17 से 24 अप्रैल तक मां बगलामुखी पीतांबरा जयंती महोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान श्रीमद्भागवत कथा और रामलीला का आयोजन होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी ज्ञानेश्वरानन्द महाराज द्वारा दीप प्रज्जवलन से होगा। समापन पर 81 फुट ऊंची मूर्ति का चरणाभिषेक किया जाएगा।

मोरना । तीर्थनगरी शुकतीर्थ स्थित पांडव कालीन माता पार्वती मंदिर में मां बगलामुखी पीतांबरा जयंती महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसमें श्रीमद्भागवत कथा के अलावा रामलीला का मंचन भी किया जाएगा। धाम के संस्थापक एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. अयोध्या प्रसाद मिश्र महाराज ने बताया कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 17 से 24 अप्रैल तक मां बगलामुखी पीतांबरा जयंती महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। जिसमें 17 अप्रैल को कलश स्थापना समारोह के बाद नगरी में बैंडबाजों के बीच शोभायात्रा निकाली जाएगी। जिसके बाद बनारस तीर्थ के स्वामी ज्ञानेश्वरानन्द महाराज के द्वारा दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। चित्रकूट धाम के आचार्य देवशरण त्रिपाठी के द्वारा दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान की अमृत वर्षा होगी तथा प्रात नौ बजे से 10: 30 तक दैनिक हवन होगा।
महोत्सव में 18 से 23 अप्रैल तक रात्रि में चित्रकूट के कलाकारों के द्वारा श्री रामलीला का मंचन किया जाएगा। समापन पर 24 अप्रैल को मां बगलामुखी की 81 फुट ऊंची मूर्ति का चरणाभिषेक होगा, जिसके बाद संतों के प्रवचन होंगे तथा महाप्रसाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं के रहने ठहरने की व्यवस्था आश्रम में ही की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


