
एमडीए में लाटरी सिस्टम से 42 परिवारों को मिले सपनों के घर
Muzaffar-nagar News - मुजफ्फरनगर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय आवास योजना के तहत 197 परिवारों के लिए लॉटरी प्रक्रिया पूरी हुई। 42 परिवारों को भवनों की चाबी सौंपी गई। कार्यक्रम में मंत्री और अधिकारियों ने योजना की जानकारी दी। लॉटरी पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित की गई, जिससे सभी पात्र आवेदकों को समान अवसर मिला।
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण परिसर में सोमवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत बने भवनों के आवंटन की लाटरी प्रक्रिया पूर्ण की गई। लाटरी में शामिल हुए 197 परिवारों में 42 ड्रा खुले, जिसके बाद 42 लक्की परिवारों को भवनों की चाबी सौंपी गई। चाबी पाकर पात्र परिवारों में खुशी का ठिकाना नहीं रहा। एमडीए परिसर में हुई पंडित दीन दयान उपाध्याय शहरी योजना के लाटरी कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, नगरपालिका अध्यक्षा मीनाक्षी स्वरूप, सीडीओ कमल किशोर कंडारकर देशभूषण, प्राधिकरण उपाध्यक्ष कविता मीणा व सचिव कुंवर बहादुर सिंह ने योजना की जानकारी देकर किया। इसके बाद योजना को समझाया गया।
इस दौरान एमडीए अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत कुल 197 डूडा पात्र आवेदकों ने आवेदन किया था, जिनमें से तीन आवेदकों ने पहले ही अपने आवेदन वापस ले लिए थे, जिसकी धनराशि भी जमा नही कराई थी। इसके बाद कुल 194 पात्र आवेदक शेष रहे। इनमें से लॉटरी प्रणाली के माध्यम से 42 भवनों का आवंटन किया गया। योजना में वरिष्ठ नागरिक श्रेणी के लिए दो भवन आरक्षित थे, लेकिन इस श्रेणी में कोई आवेदन प्राप्त न होने के कारण कुल 42 भवनों का ही आवंटन संभव हो सका। लॉटरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी ढंग से कराई गई, ताकि सभी पात्र आवेदकों को समान अवसर मिल सके। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों में आवंटन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर एमडीए के सदस्य शरद शर्मा, श्री मोहन तायल सहित कोषाधिकारी तरुण, अधीक्षण अभियंता, अवर अभियंता आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




