Muzaffarnagar News: शेरनगर में तालाब पर अवैध कब्जे से जलभराव, ज्ञापन सौंपा
Muzaffarnagar News: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के युवा प्रदेश उपाध्यक्ष अमन बंसल ने शेरनगर में अवैध कब्जे के कारण जलभराव की समस्या का समाधान मांगने के लिए डीएम कार्यालय पर धरना दिया और ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि कृषि भूमि पर 15 वर्षों से जलभराव के कारण किसान आर्थिक नुकसान उठा रहे हैं।

Muzaffarnagar News: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के युवा प्रदेश उपाध्यक्ष (पश्चिम उत्तर प्रदेश) अमन बंसल ने जनपद के ग्राम शेरनगर में तालाब पर कथित अवैध कब्जे के कारण कृषि भूमि में लंबे समय से हो रहे जलभराव की समस्या को लेकर ग्रामीणों के साथ डीएम कार्यालय पर धरना देते हुए अधीनस्थ अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बताया गया कि तालाब पर अवैध कब्जे के कारण आसपास की कृषि भूमि पर लगभग 15 वर्षों से पानी भरा हुआ है, जिससे किसान खेती नहीं कर पा रहा है और उसे भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय लेखपाल और कानूनगो द्वारा बिना मौके पर निष्पक्ष पैमाइश किए ही आईजीआरएस शिकायतों का गलत निस्तारण दिखा दिया गया है।
लोजपा नेता ने शेरनगर के संबंधित तालाब व आसपास की भूमि की राजस्व अभिलेखों के आधार पर पैमाइश कराने, अवैध कब्जा हटाने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराते हुए पीड़ित किसान को न्याय दिलाने की मांग की है।


