Muzaffarnagar News: तेंदुए की दस्तक से जागा वन विभाग, जंगल में लगाया पिंजरा
Muzaffarnagar News: मीरापुर क्षेत्र में तेंदुए की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। कुतुबपुर के जंगल में तेंदुआ देखे जाने के बाद वन विभाग ने पिंजरा लगाया है। पिछले एक हफ्ते से सोशल मीडिया पर तेंदुए के वीडियो वायरल हो रहे थे, लेकिन अब इसकी पुष्टि हो गई है। वन विभाग निगरानी बरकरार रखेगा।

Muzaffarnagar News: मीरापुर मीरापुर क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। रविवार को कुतुबपुर के जंगल में खेतों पर काम करने गए ग्रामणों ने तेंदुआ दिखने की पुष्टि की। लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद वन विभाग भी हरकत में आ गया। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए नया गांव भुम्मा के जंगल में पिंजरा लगा दिया।मीरापुर क्षेत्र में एक सप्ताह से तेंदुए के होने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी किन्तु इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो रही थी। वन विभाग मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा था, लेकिन शुक्रवार की देर रात मीरापुर निवासी अमित पाल व नया गांव निवासी अरुण चंदेल द्वारा तेंदुआ देखे जाने के बाद ग्रामीणों में दहशत व्याप्त हो गई।
दूसरे दिन कुतुबपुर निवासी ग्रामीण आरिफ, महिपाल, अहसान व मुर्तुजा खेतों पर गए थे। इस दौरान शाम करीब 5-30 पर नहर के समीप स. गुरुदयाल सिंह के फार्म के समीप तेंदुआ दिखाई दिया। उक्त ग्रामीणों ने तेंदुए की वीडियो भी बनाई। लगातार दूसरे दिन जंगल में तेंदुआ दिखने से ग्रामीणों में दहशत है। रविवार को वनक्षेत्राधिकारी अशोक कुमार शर्मा, वनकर्मी लताफत अली, रईस व इकराम के साथ नया गांव भुम्मा के जंगल में उस स्थान पर पहुंचे जहां तेंदुआ दिखा था। और यहाँ तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए पिंजरा लगाया। वनकर्मियों ने कहा कि वह निरंतर इस क्षेत्र में निगरानी भी करेंगे। फिलहाल तेंदुए की दस्तक दो गांवों के जंगल में होने से ग्रामीणों में डर का माहौल है।


