Muzaffarnagar News: पीपलशाह में बारिश का कहर, जलभराव से मची अफरा-तफरी
Muzaffarnagar News: चरथावल की ग्राम पंचायत पीपलशाह में मूसलधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। गांव की गलियों और घरों में पानी भर गया, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जल निकासी के लिए निरीक्षण किया और गांव के अधिकारी ने खुद गंदे पानी में उतरकर राहत कार्य किया। ग्रामीणों ने राहत मिलने पर अधिकारियों की प्रशंसा की।

Muzaffarnagar News: चरथावल लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने चरथावल की ग्राम पंचायत पीपलशाह में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। गांव की गलियां, मुख्य रास्ते और निचले इलाके टापू में तब्दील हो गए, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घरों में पानी घुसने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।जलभराव की गंभीर सूचना मिलते ही ब्लॉक प्रशासन तुरंत हरकत में आया। खंड विकास अधिकारी प्रवीण चौधरी और एडीओ पंचायत सोमदत्त के साथ ग्राम पंचायत अधिकारी उपेंद्र कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बाढ़ जैसे हालात वाले क्षेत्रों का पैदल निरीक्षण कर जल निकासी के कड़े निर्देश दिए। इस दौरान प्रशासनिक मुस्तैदी की अनोखी तस्वीर सामने आई, जब ग्राम पंचायत अधिकारी उपेंद्र कुमार खुद पैंट चढ़ाकर गंदे पानी में उतर गए।
उन्होंने पानी के बीच खड़े होकर जल निकासी कार्य की कमान संभाली और अपनी देखरेख में काम कराया। ग्राम प्रधान, पंचायत कर्मियों और ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से बंद पड़े नालों और जल निकासी के अवरुद्ध मार्गों को आनन-फानन में साफ कराया गया, जिसके बाद रुका हुआ पानी तेजी से बाहर निकल सका। प्रशासन की इस तत्परता से प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर कम हुआ और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली। ग्रामीणों ने अधिकारियों की इस सक्रियता की जमकर सराहना की है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


