Hindi NewsUttar-pradesh NewsMuzaffar-nagar NewsHappiness Park in Muzaffarnagar Millions Spent Now Abandoned
 जीआईसी मैदान में बंद हुई टॉय ट्रेन, हैप्पीनेस पार्क पर ताला

जीआईसी मैदान में बंद हुई टॉय ट्रेन, हैप्पीनेस पार्क पर ताला

संक्षेप:

Muzaffar-nagar News - मुजफ्फरनगर में जीआईसी मैदान में बच्चों और बड़े लोगों के लिए तैयार किए गए हैप्पीनेस पार्क की रौनक छह महीने में ही गायब हो गई है। टॉय ट्रेन का संचालन बंद हो गया है और ठेकेदार ने एमडीए को अवगत कराया कि खर्च अधिक होने के कारण वह इसे जारी नहीं रख सकते।

Jan 13, 2026 11:22 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फर नगर
share Share
Follow Us on

शहर के राजकीय इंटर कालेज के मैदान में बच्चों व बड़ों के लिए करोड़ों की धनराशि खर्च कर तैयार हुए हैप्पीनेस पार्क की रौनक छह महीने में ही गायब हो गई। वहां बच्चों के मनोरंजन के लिए शुरू कराई गई टॉय ट्रेन की आवाज भी पूरी तरह से बंद हो गई। स्टाफ का खर्च भी निकलने से ठेकेदार ने एमडीए अधिकारियों को वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए दोनों का संचालन करने से हाथ खड़े कर दिए। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष कविता मीणा ने शहर के बच्चों के लिए एक बेहतर मनोरंजन का स्थान चिन्हित कर उनके लिए झूले व टॉय ट्रेन स्टेशन स्थापित किया था।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

महावीर चौक स्थित जीआईसी मैदान में बनाए गए इस पिकनिक स्पाट पर बच्चों के साथ बड़ों के लिए भी महाराजा परिक्षित हैप्पीनेश पार्क बनाया था, जहां म्युजिक सिस्टम लगाकर एकांत स्थान बनाया था। इन दोनों स्थानों को तैयार करने मे एमडीए ने करीब डेढ़ करोड़ की धनराशि खर्च की थी, जिसके बाद संचालन और देखरेख के लिए ठेकेदार को जिम्मेदारी दी थी। जीआईसी पार्क का पिकनिक स्पाट बनाने के लिए हैप्पीनेश पार्क में प्रवेश, टाय ट्रेन में बैठने का शुल्क 25 रुपये प्रति व्यक्ति तय किया था। इसके अलावा पार्किंग से भी शुल्क वसूली के लिए ठेकेदार को अधिकार दिए थे, लेकिन पार्क में मनोरंजन के लिए शुरूआत के दिनों में बच्चों व बड़ों की भीड़ रही, लेकिन मात्र 25 रुपये शुल्क होने के बाद भी बच्चों के पहुंचने की संख्या कम हुई। इसके बाद ठेकेदार ने एमडीए उपाध्यक्ष को पत्र लिखकर अवगत कराया कि टॉय ट्रेन में प्रतिदिन 70 रुपये से 200 रुपये तक के ही टिकट बिक रहे है, जबकि प्रतिदिन का खर्च इससे कई गुणा है। स्टाफ तक की सैलरी घर से देने के कारण वह इसका संचालन नहीं करेंगे। करीब तीन महीने पूर्व अधिकारियों को लिखे गए पत्र के बाद से टॉय ट्रेन का संचालन बंद हैं। वहीं ठेकेदार की रूचि नहीं होने से वहां हैप्पीनेश पार्क पर भी ताला लगा है, जिस कारण लोगों को वहां इन सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। एमडीए ने इन स्थानों पर कामकाज में करीब डेढ़ करोड़ रुपये का बजट खर्च किया था, जो छह महीने में ही व्यर्थ हो गया। ---- कोट जीआईसी मैदान में टॉय ट्रेन और हैप्पीनेस पार्क लोगों की सुविधा व बच्चों के मनोरंजन के लिए तैयार किया था। कुछ दिन पूर्व मैं शाम को वहां गया था तो बताया गया कि टॉय ट्रेन बंद कर कर्मचारी उनसे पहले ही चले गए है। यदि लंबे समय से संचालन बंद है तो इसकी जानकारी की जाएगी। -- -कुंवर बहादुर सिंह, सचिव एमडीए