Muzaffarnagar News: देवल की बस्ती में घुसा बारिश का पानी, एसडीएम ने संभाला मोर्चा
Muzaffarnagar News: रामराज के गाँव देवल में मूसलधार बारिश के कारण जलनिकासी की कमी से कई घरों में पानी भर गया। इससे खाद्यान्न और कपड़े खराब हुए। प्रशासन ने राहत कार्य शुरू किया और प्रभावित परिवारों को भोजन मुहैया कराया। एसडीएम ने जलनिकासी व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश दिए।

Muzaffarnagar News: रामराज लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने ग्राम देवल के निकट स्थित बस्ती के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण बारिश का पानी दर्जनों घरों में घुस गया, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। घरों में पानी भरने से खाद्यान्न, कपड़े एवं अन्य घरेलू सामान खराब हो गए और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।गाँव देवल में बारिश के पानी की निकासी न होने के कारण बस्ती के घरों में पानी भरने की सूचना मिलते ही एसडीएम जानसठ रश्मि लाम्बा, तहसीलदार श्रद्धा गुप्ता व नायब तहसीलदार अजय सिंह व प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुँची उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया और उनकी समस्याएं सुनीं।
एसडीएम के निर्देश पर तत्काल राहत कार्य शुरू कराया गया। पीड़ित परिवारों के लिए भोजन की व्यवस्था कराई गई, वहीं जेसीबी मशीन लगवाकर नाला खुदवाया गया ताकि बस्ती में भरे पानी की निकासी हो सके। प्रशासन की तत्परता से कुछ ही घंटों में जलभराव की स्थिति में सुधार होने लगा और लोगों को राहत मिली। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाए तथा बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखी जाए। ग्रामीणों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताते हुए स्थायी जलनिकासी व्यवस्था की मांग भी की।


