सठेडी में महिला की मौत पर हंगामा, पुलिस से हुई नोकझोंक
Muzaffar-nagar News - रतनपुरी थाना क्षेत्र के सठेडी गांव में एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने सड़क पर हंगामा किया। पुलिस से पोस्टमार्टम कराने को लेकर विवाद हुआ, लेकिन अंततः परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के अंतिम संस्कार कर दिया। हाल ही में हुए सड़क हादसे में महिला की मौत हुई थी, जिसमें अन्य मजदूर भी घायल हुए थे।

रतनपुरी थाना क्षेत्र के सठेडी गांव में महिला की हुई मौत के बाद परिजनों ने सड़क पर हंगामा किया। पोस्टमार्टम कराने को लेकर पुलिस से काफी देर तक नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझा कर मामला शांत कराया। परिजनों ने महिला का पुलिस कार्रवाई के बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया। करीब 10 दिन पूर्व गंगनहर पटरी पर महेन्द्रा पिकअप व कैंटर की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई थी। हादसे में जानसठ थाना क्षेत्र के गुजर हेडी निवासी मजदूर ताराचंद व रामचंन्द्र की मौत हो गई थी जबकि सलारपुर,गुजरहेडी व सठेडी के रहने वाले करीब 21 मजदूर घायल हो गए थे।
घायलों में से 17 को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था जबकि गंभीर हालत होने पर कुछ घायलों को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसमें से मंगलवार की रात को सठेडी निवासी मंगेश पत्नी टिल्लू की उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन महिला के शव को लेकर गांव पहुंच गये। ग्रामीणों ने सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची रतनपुरी पुलिस ने समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने ग्रामीणों के शव को पोस्टमार्टम कराए जाने को कहा तो उन्होने इंकार कर दिया। इसी बात को लेकरक काफी देर तक हंगामा रहा। कहा कि करीब एक महीना पूर्व सठेडी के रहने वाले दो छात्रों की बडसू के समीप सड़क हादसे में मौत हो गई थी। आज तक पुलिस ने उस मामले में कोई कार्रवाई नही की है। ग्रामीणों ने कहा कि जब उसमे कोई कार्रवाई नहीं हुई तो इसमे क्या होगी। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के ही महिला का अंतिम संस्कार कर दिया। हालाकि पुलिस ने हादसे में हुई दो लोगों की मौत के बाद थाने में कैंटर चालक के विरूद्व रिपोर्ट दर्ज की हुई है। इस संबंध में रतनपुरी इंस्पेक्टर का कहना था कि मृतक महिला का पोस्टमार्टम कराने से परिजनों ने इंकार कर दिया था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


