बोले मुजफ्फनगर: 12 साल में भी नहीं बनी मोक्षधाम की राह
Muzaffar-nagar News - खतौली नगर में मोक्षधाम पहुंचने के लिए लोगों को बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अंतिम संस्कार के लिए अंडर पास की मांग को लेकर लोग पिछले 12 वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कई बार धरना प्रदर्शन किया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं मिला। अंडर पास बनने से न केवल अंतिम संस्कार की प्रक्रिया सरल होगी, बल्कि स्कूल के बच्चों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
खतौली नगर में अगर किसी की मौत हो जाती है तो उसके अंतिम संस्कार के लिए मोक्षधाम पहुंचना लोगों की बड़ी समस्या है। 20 मिनट की इस अंतिम यात्रा के लिए एक घंटे से अधिक का समय लगता है। मोक्षधाम पहुंचने के लिए नगर के लोग कई बार रेलवे लाइन के नीचे से अंडर पास की मांग कर चुके हैं लेकिन 12 सालों में इस समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। लखनाउ से लेकर दिल्ली तक अण्डर पास की मांग को लेकर नगर के लोग चक्कर काट चुके है। धरना प्रदर्शन भी किया लेकिन कोई समाधान नहीं हो पाया। लोगों का कहना है कि झारखंड महादेवायल से मोक्षधाम जाने के लिए अगर अण्डर पास बन जाए तो उससे नगर के लोगों के साथ-साथ स्कूल में पढने वाले छात्र-छात्राओं को भी लाभ मिलेगा।
जो छात्र छुट्टी के बाद लाइन पार कर दूसरी ओर जाते है वो अण्डर पास के नीचे से निकलेगें ओर हादसे का शिकार होने से बचेंगे। पैदल के बजाए सवारी वाहन से लोग पहुंचते हैं अंतिम यात्रा में खतौली के बुआडा रोड से इस्लामाबाद भूड बस्ती जाने वाले रास्ते पर कई दशकों से मोक्षधाम बना हुआ है जिसमे नगर के ही नहीं देहात क्षेत्र के लोग भी मृतक लोगों का अंतिम संस्कार करते हैं। देहात के लोग तो आसानी से हिन्दू रिवाज के अनुसार मृतक का अंतिम संस्कार कर देते हैं लेकिन नगर के लोगों को इस रिवाज से दूर रहना पड रहा है। इंसान की मौत के बाद उसकी अंतिम यात्रा में लोग पैदल ही शमशान घाट पहुंचते हैं लेकिन नगर के लोग अपने मुर्दे को बस के माध्यम से मोक्षधाम पहुंचते है। मृतक परिवार के लोगों को भी अंतिम संस्कार के रीति रिवाज से दूर रहना पडता है वो भी अपनी सवारी से अंतिम यात्रा में पहुंच कर धर्म निभाते हैं। नगर के लोगों की मोक्षधाम पहुंचने की बडी समस्यां है। समस्यां को दूर करने के लिए नगर के लोगों ने एक कमेटी बनाई हुई है जो अंतिम संस्कार के समय अपना पूरा धर्म निभाते है। कमेटी ने मोक्षधाम के लिए बस चलाई हुई है जो मृतक को उसके घर से उठाकर बस के माध्यम से मोक्षधाम तक पहुंचाती है,बाकी उसके पीछे आने वाले इधर-उधर से चक्कर काट कर मोक्षधाम तक पहुंचते है। अगर मोक्षधाम से तीन सौ मीटर की दूरी पर किसी युवक की मौत हो जाती है तो उसको तीन से चार किलोमीटर का सफर तय करना पडता है। अंतिम यात्रा की बस बाजार से भीड वाले क्षेत्रों से गुजर कर मोक्षधाम तक पहुंचती है। समस्या के समाधान को लेकर नगर के लोग पिछले करीब 12 वर्षो से संघर्ष कर रहे है। कई बार धरना प्रदर्शन भी किया। केन्द्र में रहे पूर्व मंत्री, विधायक ओर नगर के जनप्रतिनधियों को समस्यां से अवगत कराया। लखनाउ से लेकर दिल्ली तक शिकायती पत्र दिया लेकिन समाधान नहीं हो पाया। समाधान को लेकर नगर के लोगों ने रेलवे लाइन के नीचे से अण्डर पास की मांग की। धरना प्रदर्शन् के दौरान मांग को देखते हुए रेलवे विभाग के अलावा विभागीय अधिकारियों ने निरीक्षण भी किया लेकिन समस्यां का समाधान नहीं हो पाया। लोगों का कहना है कि अगर रेलवे लाइन के नीचे से अण्डर पास बनाया जाता है तो नगर के लोगों को बडी राहत तो मिलेगी ओर उनको हिन्दू रिवाज से मुर्दो के अंतिम संस्कार करने का मौका भी मिलेगा। अण्डर पास बनाने से स्कूल के बच्चों को भी बडा लाभ मिलेगा। स्कूल जाने ओर छुटटी के बाद वापस घर जाने के लिए जो छात्र-छात्राएं जान जोखिम मे डालकर तीन रेलवे लाइन को पार करना पडता है वो अण्डर पास ने निकल सकेगें। रेलवे लाइन के समीप तीन से अधिक स्कूल है। देहात क्षेत्रों से स्कूल जाने वाले लोगों को बडी राहत मिलेगी। लोगों का कहना है कि लाइन पार करते समय महीने में तीन चार लोगों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो जाती है अगर अण्डर पास होगा तो लोगों की जान भी बचेगी। अण्डर पास को लेकर मोक्षधाम की कमेटी के अलावा नगर के सक्रिय लोग अण्डर पास की समस्या के समाधान कराने को लेकर कई बार तहसील अधिकारियों को मुख्यमंत्री के नाम शिकायती पत्र भी दिया हुआ है। लेकिन कही से भी कोई जबाब नहीं आया है। बुआडा फाटक पर एक अण्डरपास बना दो की हो रही तैयारी जहां पर एक अण्डर पास बनाने की मांग को लेकर नगर के लोग संघर्ष कर रहे है वहा पर तो वर्षो बाद भी नहीं बना है जहां पर एक अण्डरपास होना चाहिए था वहा पर एक तो बना दिया गया दो की तैयारी जोरों से चल रही है। विभाग ने फाटक के कुछ दूरी पर अण्डर पास बनाया गया, उसके बाद विभाग की ओर से बुआडा रोड से सीधे फाटक के नीचे से अण्डर पास बनाना शुरू कर दिया। करोडो खर्च करने के बाद महीनों निर्माण करने के बाद रेलवे लाइन के नीचे से अण्डर पास को निकलने के दौरान उसका निर्माण रोक दिया गया। कुछ महीनों बाद उसी फाटक के उपर से विभाग की ओर से पुल के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया। पुल बनाने की तैयारी शुरू की थी कि किसान ने उसमे भी अडंगा लगा दिया ओर निर्माण कार्य रोक दिया गया। लोगों का कहना है कि विभाग ने बुआडा रोड पर फाटक के नीचे अण्डर पास बनाएं जाने का जो निर्णय लिया था वो गलत था। इस अण्डर पास को मोक्षधाम के रास्ते पर बनाना चाहिए था जिससे लोगों को बडी राहत मिलती। बुआडा रोड फाटक के उपर से अगर पुल का निर्माण होता है तो उसका खामियाजा हजारों ग्रामीणों को उठाना पडेगा। किसान गन्ना लेकर इसी मार्ग से होते हुए शुगर मिल में पहुंचते है। अगर पुल का निर्माण हो भी गया तो किसानों के सामने बडी समस्यां बन जायेगी। इस मार्ग के अधिकतर किसान भैसा बुग्गी से गन्ना लेकर मिल में पहुंचते है।इस मार्ग पर कई आरा मशीन भी लगाई हुई है अगर पुल बनता है तो लकडी लाने वाले वाहनों चालकों को बडी समस्यां का सामना करना पड सकता है। पुल विभाग के अधिकारी कर्मचारियों को एक अण्डर पास मोक्षधाम जाने वाले रास्ते पर बनाए जाने की मांग की गई है। नगर के लोगों ने प्रदेश की सरकार से अण्डर पास बनाएं जाने की मांग की है। मोक्षधाम का अण्डर पास बने तभी मिलेगी नगर के लोगों को राहत मृतक के अंतिम संस्कार करने के लिए मोक्षधाम जाने के लिए जब नगर के लोगों के सामने बडी समस्यां आने लगी तो एक कमेटी का गठन किया गया जिसमे 14 से अधिक पदधिकारी रखे गए। हर पदधिकारी को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है। कमेटी के लोगों की ओर से ही मोक्षधाम के लिए अंतिम बस सेवा शुरू की गई है। शव को बस से मोक्षधाम ले जाने के लिए कुछ शुल्क तय किया है। उसी से बस के चालक का मानदेय दिया जाता है। मोक्षधाम में ऐसे भी लोग आते है तो लाखों रूपये दान में देकर चले लाते है। मोक्षधाम में आज तक तो भी निर्माण कराया गया है वो सभी दान से हुआ है। मोक्षधाम में ही कमेटी की ओर से लकडी का प्रबंध भी किया हुआ है। मोक्षधाम में अंतिम संस्कार में जो भी लगता है उसकी पर्ची काटी जाती है जिससे मोक्षधाम कमेटी उन लोगों की मदद कर सके तो अंतिम संस्कार करने के लिए लकडी भी नहीं खरीद सकते है। कमेटी के लोगों का ये भी कहना है कि नगर के लोगों की अण्डर पास बनाए जाने की मांग पूरी होनी चाहिए। अण्डर पास की चौडाई ओर उचाई बीस फीट होनी चाहिए ताकि मुर्दे को लोग बडी आसानी से उससे निकाल सके। अण्डर पास बनाएं जाने को लेकर नगर की चौपाल की ओर से वर्षो पूर्व बडा आंदोलन भी किया गया था,जिसमे नगर के हजारों लोग कई दिनों तक भूख हडताल पर भी रहे थे। अण्डर पास के निर्माण की मांग 2012 से पहले शुरू हुई थी। आंदोलन कारियों ने ऐसा कोई अधिकारी नहीं छोडा जिसके पास शिकायती पत्र न दिया हो। जब लोगों ने आंदोलन शुरू किया था उस दौरान सरकार में जनप्रतिनधि भी आएं। कई बार निर्माण का आश्वासन भी दिया गया लेकिन वो सिर्फ कागजों तक ही सीमित होकर रह गया। नगर के लोगों ने अण्डर पास की एक बडी समस्यां बताई है। उनका कहना था कि अगर सडक से कोई मुर्दा भी गुजरता है तो वहा से निकलने वाला हर इंसान ये ही सोचता है कि उसके पीछे चार कदम चले ताकि उनको मोक्ष की प्राप्ति हो,लेकिन नगर के लोग इस संस्कार से कोसों दूर है। मृतक को तो अंतिम बस से मोक्षधाम भेज दिया जाता है,लेकिन जो उसके पीछे जाने वाले होते है वो अपने वाहनों से कई किलोमीटर का सफर तय कर मोक्षधाम पहुंच कर अपना धर्म निभाते है। नगर की जनता से एक बार फिर से मोक्षधाम जाने वाले रेलवे लाइन के नीचे से अण्डरपास बनाएं जाने की मांग तेज कर दी है। कमेटी के लोगों का कहना है कि इस बार जल्द ही एक प्रतिनिधि मंडल लखनाउ में मुख्यमंत्री से मिलकर शिकायती पत्र देगें। अण्डर पास बनने से नगर क्षेत्र के पचास हजार से आबादी के हिन्दू लोगों को बडी राहत मिलेगी। लोगों का ये भी कहना था कि इस बार अगर बडा आंदोलन करना पडे तो वो पीछे नहीं हटेगें, अण्डर पास की मांग पूरी होने तक नगर के हजारों लोग इस आंदोलन में शामिल होगें। सुक्षाव 1- झारखंड महादेवायल के सामने से जो रास्ता रेलवे लाइन पार कर मोक्षधाम को जाता है उसमे बीस फीट लम्बाई चौडाई का एक अण्डर पास का निर्माण किया जाए। 2-बुआडा रोड फाटक पर जो पुल का निर्माण चल रहा है उस निर्माण को बंद कर मोक्षधाम जाने वाले अण्डर पास का जल्द निर्माण शुरू हो,ताकि नगर के लोगों की समस्यां का समाधान हो। 3-मोक्षधाम के नाम पर सरकार की ओर से भी फंड मिलना चाहिए ताकि गरीब,बेसहारा लोगों को उसकी मदद मिल सके। फंड अधिक होगा तो मोक्षधाम पर ओर निर्माण हो सकेगा। 4-मोक्षधाम के निर्माण के लिए क्षेत्र के लोगों को भी दान देना चाहिए, जिससे अंतिम बस यात्रा सेवा के चालक को समय से मानदेय मिल सके। 5-रेलवे लाइन पार कर जो बच्चे स्कूल जाते है उसके लिए एक फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किया जाएं ताकि उनके साथ होने वाले हादसे से बचा जा सके। शिकायतें 1- मोक्षधाम के अण्डरपास के लिए जिन अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया गया है लेकिन उन्होने कोई समाधान नहीं किया ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएं। 2-बुआडा रोड पर जो अण्डर पास आधा अधूरा पडा हुआ है उसको पूरी तरह से बंद देना चाहिए ताकि वहा से गुजरने वाले लोगों को परेशानी न उठानी पडे। 3-बुआडा फाटक पर जो अण्डर पास व पुल का निर्माण हो रहा है सरकार को उसकी जांच करनी चाहिए, ताकि पता चल सके कि एक ही जगह पर इस तरह से कैसे निर्माण हुआ। 4-मोक्षधाम के अण्डर पास निर्माण को लेकर जनप्रतिनधियों को विचार करना चाहिए ताकि क्षेत्र के लोग हिन्दू रीति रिवाज के अनुसार मृतक का अंतिम संस्कार कर सके। 5-अण्डर पास निर्माण को लेकर नगर की जनता को एक बार फिर से बडा आंदोलन करना होगा ताकि जनप्रतिधियों तक इसकी आवाज पहुंच सके। हमारी भी सुनो मोक्षधाम जाने के लिए रेलवे लाइन के नीचे से विभाग का अण्डर पास का निर्माण जल्द किया जाए,ताकि नगर के लोगों को बडी राहत मिल सके। अरूण जैन नगर के लोगों की अण्डर पास की सबसे बडी समस्या है इसके समाधान को लेकर सरकार को सोचना चाहिए। जनप्रतिनिधियों को समस्यां का समाधान करना चाहिए। ज्ञानेश्वर नारायण मोक्षधाम के लिए लोगों को अधिक से अधिक दान देना चाहिए, ताकि गरीब,बेसहारा लोगों को परेशानी न उठानी पडे। मोक्षधाम में ही अंतिम संस्कार की सब सुविधा मिल सके। संजय जैन कमेटी के साथ-साथ नगर के लोगों को मोक्षधाम में विकास को लेकर सोचना चाहिए। मोक्षधाम में अभी भी कई अधूरे कार्य पडे है जिनको पूरा करने से उसका सौदर्यकरण होगा। मदन छाबडा मोक्षधाम के लिए अगर अण्डरपास निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की जायेगी ओर नगर के लोगों को होने वाली समस्यां के बारे में अवगत कराया जायेगा। वैभव जैन मोक्षधाम की सेवा कमेटी के लोगों के अलावा नगर के लोग भी कर रहे है। मोक्षधाम के सामने अण्डर पास बनेगा तो नगर के लोगों की बडी समसयां का समाधान होगा। वेद प्रकाश अग्रवाल नगर में जो मोक्षधाम है उसका पंजीकरण कराया हुआ है सरकार जब गौशाला के लिए अलग से फंड देती है तो मोक्षधाम के लिए भी देना चाहिए। राजेन्द्र जैन अण्डर पास के साथ-साथ मोक्षधाम के आसपास साफ-सफाई की व्यवस्था कर उसका सौदर्यकरण कराया जाएं। मोक्षधाम के चारों ओर पेड भी लगाएं जाएं। हरेन्द्र जैन मोक्षधाम के आसपास जो खाली प्लाट पडे हुए है उनमे गंदगी व झाडियां खडी हुई है उनकी साफ-सफाई कराई जाएं। झाडियों में जहरीले जीव जंतु होने काक खतरा बना होता है। आदिराज जैन मोक्षधाम जाने के लिए जिस रोड से गुजरना पडता है वो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त है उसका निर्माण भी कराया जाएं। जिससे लोगों को बडी राहत मिलेगी। शैंकी लायल मोक्षधाम के लिए जो बस लगाई गई है उसको नगर के अलावा देहात क्षेत्र में भी भेजा जाता है। जो लोग अपने मुर्दे को हरिद्वार या शुक्रताल ले जाते है उनको बस की सुविधा भी दी जाती है। शिव कुमार बस चालक बोले जिम्मेदार मोक्षधाम के लिए जो अण्डर पास का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है अगर कोई इस बारे में मेरे पास कोई शिकायती पत्र या समस्या लेकर आयेगा तो उसके बारे में संबधित विभाग से वार्ता का समाधान कराया जायेगा। उपजिलाधिकारी निकिता शर्मा ------

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




