Muzaffarnagar News: कान्हा के जन्म लेते ही मंदिरों में बजीं घंटियां
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। भक्तों ने रात 12 बजे मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का जश्न मनाया, भजन गाए और नृत्य किया। शहर के विभिन्न मंदिरों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया था और भक्तों ने प्रसाद भी वितरित किया।

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शहर में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शुक्रवार रात 12 बजे जैसे ही बाल गोपाल श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, मंदिरों में घंटे-घड़ियाल बज उठे और ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और बधाई गीतों के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया।शहर के सभी मंदिर आकर्षक व तेज रोशनी में जगमगा रहे थे। मंदिरों की शोभा देखते ही बनती थी। श्रीकृष्ण के जन्म पर मंदिरों में कलाकारों द्वारा बधाई गीत गए गए और जमकर नृत्य किया गया। शहर के गांधी कालोनी स्थित गोलोक धाम मंदिर में फूल बंगले में भगवान के दर्शन की छटा देखते ही बनती थी।
वहां उपस्थित भक्तजनों ने जन्म पर खूब नृत्य किया और श्रीकृष्ण भगवान के जयकारे लगाए। नई मंडी स्थित श्री बालाजी धाम मंदिर, श्री गणपति खाटूश्याम मंदिर में भी उत्सव की धूम रही। श्रीकृष्ण जन्म पर भजन गाए गए और कलाकारों ने नृत्य किया। शहर के काली नदी स्थित मंदिर पर भी कलाकारों ने समा बांधा और जयकारे लगाते हुए भजन गाए। काली मंदिर, चाणक्य मंदिर, दाल मंडी के मंदिरों, सर्राफ बाजार स्थित मंदिर, लोहिया बाजार के मंदिर, कृष्णापुरी, प्रेमपुरी, रूड़की रोड स्थित रामपुरी, आर्दश कालोनी, भरतिया कालोनी, पटेलनगर अलमासपुर, कूकडा आदि शहर के सभी मंदिरों में श्रीकृष्ण जन्म होने पर रात में जश्न मनाया और श्रीकृष्ण भगवान के जयकारे लगाए गए व बधाई गीत गाए गए। सभी मंदिरों में श्रीकृष्ण के जन्म के पश्चात उनको मंत्रोच्चार के साथ पंचामृत स्नान कराया तथा आरती कर उन्हें धनिया मिश्री का प्रसाद चढ़ाया तथा फल-फूल, मेवे व मिष्ठान आदि से भोग लगाया और भक्तों को प्रसाद वितरित किया।


