Hindi NewsUttar-pradesh NewsMuzaffar-nagar NewsAmbavihar Colony Faces Severe Infrastructure Issues Despite VIP Status

बोले मुजफ्फरनगर : अंबा विहार को चाहिए टूटी सड़क व गंदगी से निजात

Muzaffar-nagar News - वीवीआईपी कॉलोनी में टूटी हैं सड़कें, सीवर धंसे, कूड़ाघर बने खाली प्लॉट्स बोले मुजफ्फरनगर : अंबा विहार को चाहिए टूटी सड़क व गंदगी से निजातबोले मुजफ्फरन

Newswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फर नगरMon, 15 Sep 2025 01:11 AM
share Share
Follow Us on
बोले मुजफ्फरनगर : अंबा विहार को चाहिए टूटी सड़क व गंदगी से निजात

शहर के मेरठ रोड पर जिलाधिकारी आवास के पीछे स्थित अंबा विहार की गिनती प्रॉपर्टी और लोकेशन के लिहाज से वीवीआईपी कॉलोनी के रूप में होती है, लेकिन यहां के निवासी मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। यहां के 40 फुटा रोड पर सड़कें व पुलिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त हैं तो कई स्थानों पर पक्की नालियां ही नहीं हैं और सीवर भी धंस चुके हैं। यहां की सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह लचर हैं और जगह-जगह कूड़े व गंदगी के ढेर लगे रहते हैं। नालों की नियमित रूप से सफाई नहीं होने से ये पूरी तरह गंदगी से चोक हो चुके हैं, जिससे गंदे पानी की निकासी हो ही नहीं पाती।

वहीं, क्षेत्र के हैंडपंप भी खराब स्थिति में हैं और खंभों पर तार व केबल के जंजाल होने से शॉर्ट सर्किट का भी खतरा रहता है। स्थानीय निवासी नगरपालिका प्रशासन से सभी समस्याओं को सुनियोजित तरीके से समाधान की मांग कर रहे हैं। ------ अंबा विहार कॉलोनी मुजफ्फरनगर। अंबा विहार कॉलोनी की पहचान प्रॉपर्टी की कीमत व लोकेशन के हिसाब से वीवीआईपी कॉलोनी के रूप में होती है, लेकिन सुविधाओं के लिहाज से यह क्षेत्र पूरी तरह पिछड़ा हुआ है। कॉलोनी के 40 फुटा रोड के निवासी कारोबारी दिलशाद और मोबीन कहते हैं कि यहां सड़कें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हैं और मुख्य मार्ग से जुड़ी सड़कों पर बनी पुलियाएं भी पूरी तरह से टूटी हुई हैं। मुख्य कॉलोनी में करीब दस साल पूर्व बने सीवर धंस चुके हैं, जिससे उनके आसपास की सड़कें भी बैठ गई हैं और गड्ढे बन चुके हैं। इसके चलते यहां आवाजाही में काफी परेशानी होती है और ई-रिक्शाएं तो अक्सर पलट जाती हैं, जिससे उनमें बैठे लोग भी घायल होते रहते हैं। कॉलोनी की सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह से लचर है और यहां सफाई कर्मचारी आते ही नहीं हैं, जिससे कॉलोनी में जगह-जगह कूड़े व गंदगी के ढेर लगे रहते हैं। कॉलोनी में हरे पेड़ बहुतायत से हैं, जिनके सूखे पत्ते भी लगातार गिरते रहते हैं, लेकिन सफाई नहीं होने से घरों के बाहर और सड़क के दोनों ओर इन सूखे पत्तों के ढेर लगे रहते हैं, जो कूड़ेघर का आभास देते हैं। इसके अलावा, कॉलोनी के मुख्य नालों की पिछले कई साल से सफाई नहीं होने से ये नाले गंदगी से पूरी तरह अट चुके हैं और नालों की तली में काफी सिल्ट भी जमा हो चुकी है, जिससे इन नालों से गंदे पानी की निकासी सुचारू रूप से नहीं हो पाती है। इसका खामियाजा कॉलोनी के लोगों को बरसात के समय जलभराव के रूप में भुगतना पड़ता है। वहीं, कॉलोनी के एक हिस्से में तो अभी तक पक्की नालियां तक नहीं बनी हैं, जिससे घरों से निकलने वाला गंदा पानी घरों के बाहर सड़क पर ही जमा होता रहता है। गंदगी व जलभराव के चलते इस क्षेत्र में मक्खी-मच्छर भी बहुतायत से पनपते हैं, जिससे बीमारी का खतरा भी लगातार बना रहता है। कॉलोनी निवासी हाजी उमर और दिलनवाज का कहना है कि कहने को तो यह वीवीआईपी कॉलोनी है, लेकिन यहां समस्याओं का अंबार है। कॉलोनी में लगे हैंडपंप भी खराब हो चुके हैं, जिनकी लगातार शिकायतें करने के बावजूद इन्हें ठीक नहीं कराया गया है। कॉलोनी के खंभों पर बिजली व केबल के जंजाल लगे हैं, जिनमें आए दिन शॉर्ट सर्किट होने से आगजनी का खतरा बना रहता है। इसके अलावा, कॉलोनी में आवारा कुत्तों की भी भरमार है, जो आए दिन छोटे बच्चों व महिलाओं को निशाना बनाकर काटते रहते हैं, जिससे बच्चों व महिलाओं को घर से निकलने में भी डर लगने लगा है। वहीं, कॉलोनी में पर्याप्त संख्या में स्ट्रीट लाइटें भी नहीं होने से रात्रि में अंधेरा रहता है, जिससे रात में वाहनों से आने-जाने में भी हादसे का खतरा बना रहता है। ------- खाली प्लॉट बने कूड़ाघर मुजफ्फरनगर। अंबा विहार की गिनती वीवीआईपी कॉलोनी के रूप में होने के कारण यहां लोगों ने प्रॉपर्टी में भारी निवेश किया हुआ है। इसके चलते पूरी कॉलोनी में जगह-जगह खाली प्लॉट्स हैं, जिन्हें लोगों ने लंबे समय से निवेश के रूप में खरीदकर खाली छोड़ा हुआ है, जिनकी बाउंड्री भी नहीं कराई गई है। इसके चलते लंबे समय से खाली पड़े ये प्लॉट्स कूड़ाघर का रूप ले चुके हैं। स्थानीय निवासी मोहम्मद नौशाद व शकील अहमद का कहना है कि सफाई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं आने के कारण कॉलोनी के लोग अपने घरों का कूड़ा इन खाली पड़े प्लॉट्स में डालते रहते हैं, जिससे ये खाली प्लॉट्स कूड़ाघर का रूप ले चुके हैं। इस संबंध में कई बार नगर पालिका में शिकायत दर्ज कराने के साथ ही खाली प्लॉट्स के मालिकान से भी इनकी बाउंड्री कराने के लिए कहा जा चुका है, लेकिन इस बड़ी समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं देता। इसके चलते कॉलोनी में गंदगी से संक्रामक रोग फैलने का भी खतरा लगातार बना हुआ है। ------- -- शिकायतें और सुझाव -- शिकायतें --- - कॉलोनी के मुख्य मार्ग क्षतिग्रस्त होने से वाहनों की आवाजाही में काफी परेशानी होती है, ई-रिक्शाएं पलटने से लोग चोटिल होते हैं। - पक्की नालियां न होने और नालों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदे पानी की निकासी नहीं होती, जिससे बरसात में जलभराव होता है। - कॉलोनी में निवेश के रूप में पड़े खाली प्लॉट्स कूड़ाघर में तब्दील हो चुके हैं, जिनमें कूड़ा डलने से संक्रामक रोग फैलने का खतरा रहता है। ----- सुझाव --- - कॉलोनी की सड़कों का पुर्ननिर्माण होने के साथ ही पेचवर्क भी कराया जाना चाहिए, ताकि वाहनों की आवाजाही सुरक्षित रूप से हो सके। - कॉलोनी में पक्की नालियों का निर्माण होने के साथ ही पुराने नालों की नियमित सफाई होनी चाहिए, ताकि गंदे पानी की निकासी सुचारू रहे। - कॉलोनी में खाली पड़े प्लॉट्स की सफाई कराकर उनकी बाउंड्री कराई जानी चाहिए, ताकि कोई भी उनमें कूड़ा व गंदगी न डाल सके। --------- इन्होंने कहा --- - अंबा विहार की समस्याओं से अभी तक किसी ने अवगत नहीं कराया है। इस संबंध में सभासद एवं मोहल्लेवासियों से जानकारी जुटाकर प्रस्ताव बनाकर कार्यवाही की जाएगी। मीनाक्षी स्वरूप, चेयरपर्सन नगरपालिका ----- - कॉलोनी की गिनती यूं तो वीआईपी कॉलोनी के रूप में होती है, लेकिन यहां की सड़कें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिन पर आए-दिन ई-रिक्शा व अन्य वाहन पलटते रहते हैं। दिलशाद, स्थानीय कारोबारी ----- - अंबा विहार में काफी समय पहले डाले गए सीवर धंस चुके हैं, जिससे इनके आसपास की सड़क भी गडड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। इसके चलते इन सड़कों पर चलते समय हादसे होते रहते हैं। मोबीन ----- - अंबा विहार कॉलोनी में सफाई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं आते हैं, जिससे सफाई नहीं होती और कूड़ा उठाने वाले भी समय से नहीं आते, जिससे कॉलोनी में जगह-जगह कूड़े व गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। हाजी उमर ----- - कॉलोनी में पक्की नालियां नहीं होने के कारण घरों से निकलने वाला गंदा पानी घर के बाहर सड़कों पर ही जमा रहता है, जिससे कॉलोनी में संक्रामक रोग फैलने का खतरा लगातार बना रहता है। दिलनवाज ----- - नालों की नियमित रूप से सफाई नहीं होने के कारण काफी सिल्ट जमा हो चुकी है और कूड़ा व गंदगी डाले जाने से नाले पूरी तरह चोक हो चुके हैं, जिससे गंदे पानी की निकासी नहीं हो पाती। मोहम्मद नौशाद ----- - कॉलोनी में बड़ी संख्या में लोगों ने निवेश के रूप में खाली प्लॉट्स खरीदकर छोड़े हुए हैं, जिनकी बाउंड्री भी नहीं कराई गई है। इन प्लॉट्स में लोग कूड़ा डालते हैं, जिससे ये कूड़ाघर में तब्दील हो चुके हैं। शकील अहमद ----- - अंबा विहार में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। सफाई कर्मचारी समय से और नियमित रूप से नहीं आते, जिससे कॉलोनी में जगह-जगह कूड़े व गंदगी का अंबार लगा रहता है। अय्यूब ----- - कॉलोनी में आवारा कुत्तों की भरमार है, जो छोटे बच्चों व महिलाओं को निशाना बनाकर काटते हैं। इसके चलते बच्चों व महिलाओं को घर से अकेले बाहर भेजने में भी डर बना रहता है। नसीम अहमद ----- - अंबा विहार में स्ट्रीट लाइटें नहीं होने से रात्रि में घना अंधेरा रहता है। इसके चलते रात्रि में कॉलोनी में आवाजाही करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। शराफत ----- - कॉलोनी के 40 फुटा रोड के साथ ही अन्य मार्ग और संपर्क मार्गों की पुलिया क्षतिग्रस्त है, जिससे वाहनों का आवागमन मुश्किल रहता है और छोटे हादसे लगातार होते रहते हैं। महताब ----- - कॉलोनी के नाले लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण चोक हो चुके हैं, जिनसे गंदे पानी की सुचारू निकासी नहीं हो पाती। इससे बरसात के समय कॉलोनी में जलभराव रहता है। शादाब

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।