नीला ड्रम कांड के मुस्कान-साहिल के लिए सौरभ के परिवार ने मांगी फांसी, 14 Oct को सुनाई जाएगी सजा
मेरठ के नीला ड्रम कांड में सौरभ राजपूत की हत्या की दोषी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को कल यानी 14 अक्टूबर को सजा सुनाई जाएगी। उधर, दोषी करार दिए जाने के बाद से सौरभ की पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल की बेचैनी बढ़ गई है। अदालत के फैसले के बाद दोनों अपनी सजा को लेकर परेशान हैं।

मेरठ, मुख्य संवाददाता। मेरठ के बहुचर्चित और सनसनीखेज सौरभ राजपूत हत्याकांड (नीला ड्रम मर्डर केस) में 14 अक्तूबर को जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा की अदालत सजा का ऐलान करेगी। करीब एक हफ्ते पहले अदालत ने मृतक की पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को इस जघन्य हत्याकांड में दोषी करार दिया था। दोषसिद्ध होने के बाद से ही दोनों आरोपी मेरठ जिला जेल में बंद हैं और अदालत के अंतिम फैसले का इंतजार कर रहे हैं। उधर, सौरभ राजपूत के परिवार ने दोनों के लिए फांसी की सजा की मांग की है।
यह खौफनाक वारदात मार्च 2025 में सामने आई थी। जांच के अनुसार, मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर अपने पति सौरभ राजपूत की नशीला पदार्थ देकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए आरोपियों ने शव के टुकड़े कर एक नीले प्लास्टिक के ड्रम में डाले और उन्हें सीमेंट तथा रेत से सील कर दिया था। इस घटना के खुलासे के बाद पूरे प्रदेश में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था और तभी से यह मामला अदालत में विचाराधीन था। करीब एक सप्ताह पूर्व जिला जज की अदालत ने दोनों आरोपियों को सौरभ हत्याकांड में दोषी करार दिया था।
जेल में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण
जेल प्रशासन द्वारा दोनों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया है, ताकि उनकी मानसिक स्थिति सामान्य बनी रहे। दूसरी ओर, मृतक सौरभ के परिवार ने अदालत से दोनों दोषियों के लिए कठोरतम सजा (फांसी) की मांग की है। 14 अक्तूबर को आने वाले इस फैसले पर पूरे क्षेत्र की निगाहें टिकी हुई हैं कि अदालत दोनों को क्या सजा सुनाती है।
फांसी के खौफ से बेचैन मुस्कान-साहिल
उधर, दोषी करार दिए जाने के बाद से जेल में सौरभ की पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल की बेचैनी बढ़ गई है। अदालत के फैसले के बाद दोनों अपनी सजा को लेकर परेशान हैं। जेल में उनके व्यवहार और खानपान में आए बदलाव को देखते हुए प्रशासन उनकी काउंसलिंग कराने की तैयारी कर रहा है। मुस्कान को अपनी मासूम बेटी के भविष्य की चिंता सता रही है, तो दोनों जेल स्टाफ से बार-बार अपनी कानूनी लड़ाई और आगे की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ले रहे हैं। अब तक पेशियों के दौरान सामान्य नजर आने वाले साहिल की आंखों में भी पहली बार आंसू दिखाई दिए।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के मुताबिक, अदालत से दोषी करार दिए जाने के बाद मुस्कान और साहिल अपने बैरक में पहुंचे तो काफी परेशान थे। दोनों ने जेल प्रशासन से मुलाकात कर अपनी सजा के बारे में जानकारी मांगी। वे जानना चाहते थे कि अदालत उन्हें कौन सी सजा सुनाई जा सकती है। फांसी की आशंका को लेकर भी उनकी बेचैनी सामने आई। जेल प्रशासन ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों के अनुसार, दोनों के खानपान में भी कमी आई है। उनके व्यवहार को देखते हुए जेल स्टाफ निगरानी कर रहा है और जरूरत के मुताबिक काउंसलिंग कराने की तैयारी है।

