अब आईसीयू में मर्डर; मामूली विवाद में लीवर से परेशान मरीज को उतारा मौत के घाट
यूपी के मुजफ्फरनगर में जिला अस्पताल की आईसीयू में भर्ती मरीज को मौत मामूली विवाद के बाद मारपीट में मौत के घाट उतार दिया गया है। लीवर से परेशान मरीज का बगल में भर्ती महिला मरीज के परिजनों से विवाद हुआ था।

यूपी के मुजफ्फरनगर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां जिला अस्पताल के आईसीयू में मामूली विवाद के बाद महिला मरीज के तीमारदारों ने बगल के बेड पर भर्ती लीवर से परेशान मरीज की पीटकर मौत के घाट उतार दिया। तीमारदारों में से एक ने मरीज के नाक पर जोरदार मुक्का मार दिया। इससे मरीज बेहोश होकर गिरा और इमरजेंसी में ले जाने तक उसकी मौत हो गई। अचानक आईसीयू में हुई घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस ने एक नामजद समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। घटना रविवार की देर रात करीब साढ़े तीन बजे हुई।
जिला अस्पताल के आईसीयू में बिलासपुर थाना नई मंडी के रहने वाले रमेशपाल भर्ती थे। लीवर की बीमारी की वजह से यहां उनका कई दिनों से इलाज चल रहा था। उनके बगल में ही मोहल्ला गोशाला निवासी संजय की मां कमला देवी भी भर्ती थीं। कमलादेवी सांस की बीमारी के कारण यहां पर इलाज करा रही थीं।
रविवार की देर रात करीब 3.30 बजे किसी बात को लेकर महिला मरीज के तीमारदार संजय और लीवर से परेशान मरीज रमेश के बीच कहासुनी हो गई। कुछ देर में ही कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आईसीयू में ही जो-जोर से तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई।
इससे पहले कि कोई कुछ समझता मरीज के साथ महिला के तीमारदारों की भिड़ंत हो गई। इसी दौरान महिला मरीज के तीमारदार संजय ने एक जोरदार मुक्का लीवर मरीज रमेश के चेहरे पर मार दिया। मुक्का सीधे मरीज की नाक पर लगा और वह बेहोश होकर गिर पड़े। उनके गिरते ही हड़कंप मच गया।
तत्काल उन्हें उठाकर जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान रमेश पाल की मौत हो गई। रमेश के परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। शहर कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा ने बताया कि रमेश के परिजनों की तहरीर पर संजय व तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी संजय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने फिलहाल गैर इरादतन हत्या की धाराओं में ऐक्शन लिया है।


