अयोध्या में नगर निगम के प्रवर्तन दल ने ठेले वालों से उठक-बैठक कराई; उल्टा खड़ा कराया

Oct 11, 2025 11:29 am ISTAjay Singh संवाददाता, अयोध्या
share Share
Follow Us on

अयोध्या में नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को एक स्थान पर कुछ ठेले वाले दिखाई दिए। प्रवर्तन दल के सदस्यों ने लगभग एक दर्जन लोगों को पहले उठक - बैठक लगवाई फिर हाथ के बल खड़ा कर दिया, जिसका वीडियो बन गया।

अयोध्या में नगर निगम के प्रवर्तन दल ने ठेले वालों से उठक-बैठक कराई; उल्टा खड़ा कराया

यूपी के अयोध्या में नगर निगम के प्रवर्तन दल का अतिक्रमण हटाने के दौरान कार्रवाई के नाम पर अमानवीय चेहरा सामने आया है। इस पूरे घटना क्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। हालांकि ‘लाइव हिन्दुस्तान’ वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि ठेले- खोमचे वालों को प्रवर्तन दल के सदस्य हाथ के बल उल्टा खड़ा होने को मजबूर कर रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने इस मामले की तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने अपर नगर आयुक्त को जांच सौंप है। साथ ही कहा है कि मामले में जो भी दोषी हो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

मिली जानकारी के मुताबिक इन दिनों अयोध्या में नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से यह कार्रवाई चल रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को शहर के एक स्थान पर कुछ ठेले वाले दिखाई दिए। प्रवर्तन दल के सदस्यों ने इन्हें पकड़ लिया। इसके बाद लगभग एक दर्जन लोगों से पहले उठक- बैठक लगवाई गई, फिर उन्हें दीवार के सहारे हाथ के बल उल्टा खड़ा होने पर मजबूर कर दिया गया।

इस दौरान किसी ने पूरी कार्रवाई का वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही नगर निगम प्रवर्तन दल की कार्रवाई पर सवाल उठने लगा। लोग पूछने लगे कि आखिर प्रवर्तन दल को किसी के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई करने का अधिकार क्या है? मिली जानकारी के अनुसार पार्षदों और स्थानीय लोगों द्वारा इस वीडियो को सोशल मीडिया पर खूब वायरल किया जा रहा है। इस पर यूजर्स की तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

क्या बोले अधिकारी

अयोध्या के अपर नगर आयुक्त भरत भार्गव ने बताया कि जांच रिपोर्ट महापौर को दे दी गई है। दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा। न्याय पीठ बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष सर्वेश अवस्थी ने वीडियो का स्वतः संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है। उनका कहना वीडियो में कुछ नाबालिग भी दिख रहे हैं। जांच में कोई नाबालिग पीड़ित मिला तो दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |