एक ही परिवार का कई बार इलाज, बिना जरूरत आईसीयू में भर्ती, 'आयुष्मान' में बड़े खेल का खुलासा

लखनऊ, विशेष संवाददाता
Follow us on Google News
share

केंद्र सरकार की शानदार योजना आयुष्मान में बड़े खेल का खुलासा हुआ है। अस्पतालों ने एक ही परिवार का कई बार इलाज किया। बिना जरूरत आईसीयू में भर्ती भी किया गया। बिजनौर के 16 अस्पतालों पर इसे लेकर गाज गिरी है। 10 गुना जुर्माने की तैयारी है।

Ayushman

यूपी में आयुष्मान योजना में बड़े खेल का खुलासा हुआ है। अस्पतालों ने सरकार को चूना लगाने के लिए गजब कारस्तानी की है। अस्पतालों में एक ही परिवार के सदस्यों को बार-बार भर्ती किया गया। बिना जरूरत आईसीयू में इलाज दर्शाया गया है। इसके बाद बड़ा ऐक्शन लिया गया है। जांच में गड़बड़ी मिलने पर बिजनौर के 16 सूचीबद्ध अस्पतालों पर कार्यवाही की गाज गिरी है। बिजनौर के 20 अस्पतालों में औचक निरीक्षण किया गया था। लापरवाही मिलने पर इनमें से 16 चिकित्सालयों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। छह चिकित्सालयों को निलंबन नोटिस देने के साथ ही उनके भुगतान पर रोक लगा दी गई है।

स्टेट नोडल एजेंसी साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि बिजनौर में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से सूचीबद्ध चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण कराया गया। निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि योजना से जुड़े सभी अस्पताल केंद्र और राज्य सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों, स्टैंडर्ड ट्रीटमेंट गाइडलाइंस (एसटीजी) तथा गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन कर रहे हैं या नहीं।

साचीज द्वारा गठित तीन सदस्यीय विशेष टीम ने बिजनौर जिले के 20 विभिन्न सूचीबद्ध अस्पतालों का बिना पूर्व सूचना के निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पतालों में मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार प्रक्रिया, दस्तावेजों, रिकॉर्ड, क्लेम प्रक्रिया और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया।

बार-बार भर्ती किए एक ही परिवार के लोग

जांच में कई अस्पताल योजना के निर्धारित मानकों का पूर्ण अनुपालन करते हुए नहीं पाए गए। कई स्थानों पर स्टैंडर्ड ट्रीटमेंट गाइडलाइंस के पालन में कमी तथा गुणवत्ता संबंधी खामियां सामने आईं। निरीक्षण में सामने आए तथ्यों के आधार पर संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा की। इनमें से 16 अस्पतालों में दिशा निर्देशों का पालन नहीं पाया गया। इनमें से 6 अस्पतालों को निलंबन नोटिस के साथ भुगतान रोकने का आदेश दिया गया है और 10 अस्पतालों को अनियमितताओं के लिए नोटिस जारी किया गया है। अब जुर्माने की गणना की जाएगी और 10 गुना जुर्माना लगाया जाएगा।

इन अस्पतालों में एक ही परिवार के मरीजों को बार-बार भर्ती करने, बिना आवश्यकता के आईसीयू बुक करने आदि के कारण गड़बड़ी पाई गई। ऑडिट एजेंसी को भी नोटिस जारी किया गया है और जिला कार्यक्रम समन्वयक को भी इस मामले में कारण बताओ नोटिस दिया गया है। सीईओ अर्चना वर्मा ने कहा कि योजना से जुड़े हर अस्पताल के लिए सभी दिशा-निर्देशों और मानकों का पालन करना अनिवार्य है। अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।