Hindi Newsuttar-pradeshmulayam singh yadav Death live Updates samajwadi party akhilesh yadav

Mulayam Death LIVE: कल होगा मुलायम सिंह का अंतिम संस्कार, देर रात बेटे के साथ सैफई पहुंचे आजम

समाजवादी पार्टी के संस्‍थापक और तीन बार उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव नहीं रहे। पिछले 10 दिन से मेदांता के आईसीयू और सीसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझते रहे।

Mulayam Death LIVE: कल होगा मुलायम सिंह का अंतिम संस्कार, देर रात बेटे के साथ सैफई पहुंचे आजम

| लाइव हिन्दुस्तान | Mon, 10 Oct 2022 11:21 PM
हमें फॉलो करें

समाजवादी पार्टी के संस्‍थापक और तीन बार उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव नहीं रहे। सोमवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे मुलायम का पार्थिव शरीर उनके गांव सैफई पहुंचा। शव पहुंचने के कुछ देर बाद ही सीएम योगी भी पहुंचे और पुष्प चक्र चढ़ाकर मुलायम को श्रद्धांजलि दी। सीएम योगी के साथ जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी पहुंचे। 

पिछले 10 दिन से मेदांता के आईसीयू और क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) में जिंदगी और मौत के बीच जूझते रहने के बाद नेताजी ने सोमवार सुबह 8 बजे के करीब अंतिम सांस ली। 82 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। मुलायम सिंह यादव के निधन से देश भर में उनके समर्थकों और पार्टी लाइन से ऊपर उठकर विभिन्‍न राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़कर काम करने वाले राजनीतिक-सामाजिक कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है। कल यानी मंगलवार को मुलायम का दोपहर तीन बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पहले पीएम मोदी सैफई पहुंचकर नेताजी को श्रद्धांजलि देने जाएंगे। वहीं सोमवार की देर रात मुलायम सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए बेटे अब्दुल्ला के के साथ सपा नेता और रामपुर विधायक आजम खान सैफई पहुंचे हैं।

10 Oct 2022, 11:20:21 PM IST

बिलख पड़े धर्मेंद्र, परिवार की महिलाओं से लिपट कर रोंई डिंपल

परिवार के मुखिया के सदा के लिए विदा होने से दुखी परिजनों का दुख देर रात फूट पड़ा। दिन भर सब्र साधे रहे परिजन अंतत: फूट फूट कर रो पड़े। देर रात धर्मेंद्र यादव बिलखते दिखाई दिए तो डिंपल यादव भी रोईं। वे परिवार की महिलाओं के गले लग कर रोती रहीं।

10 Oct 2022, 11:21:28 PM IST

बेटे अब्दुल्ला के साथ सैफई पहुंचे आजम खान

अपने राजनीतिक सरपरस्त मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि देने के लिए सपा नेता पूर्व मंत्री आजम खां देर रात 10:40 बजे सैफई पहुंचे। वह कार से कोठी पहुंचे। उन्हें व्हील चेयर पर बिठाकर भीतर ले जाया गया। अपने नेता और मित्र को आखिरी बार देखकर उनकी आंखें भर आईं। इसके अलावा सपा विधायक हाजी नाजिर कुरैशी भी मुलायम सिंह को श्रद्धांजलि देने सैफई पहुंचे।

10 Oct 2022, 09:00:38 PM IST

ओडिशा बीच पर रेत से मुलायम की आकृति बनाकर दी श्रद्धांजिल

मुलायम सिंह यादव की निधन की खबर ने उनके चाहने वालों को झकझोर कर रख दिया है। सभी नेता जी को अपने-अपने तरीके से श्रद्धांजलि रहे हैं। ऐसे ही एक शख्स ने नेताजी मुलायम सिंह यादव को अनोखे तरीके से श्रद्धांजिल दी। इस शख्स ने ओडिशा के पुरी बीच पर रेत से मुलायम सिंह की आकृति बनाई।

 

10 Oct 2022, 08:50:38 PM IST

मुलायम का अंतिम दर्शन करने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला भी जाएंगे सैफई

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला भी मुलायम सिंह यादव का अंतिम दर्शन करने मंगलवार को सैफई जांएंगे। ओम बिरला का पहले से ही राजस्थान के कोटा में कई आयोजनों में शामिल होना था। लोकसभा सचिवालय के अनुसार स्पीकर ने अपने कोटा दौरा छोटा करते हुए सैफई जाने का फैसला लिया है। ओम बिरला मुलायम के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। 

10 Oct 2022, 08:17:44 PM IST

बिहार के सीएम नीतीश और तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर भी जाएंगे सैफई

सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि देने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और तेलंगाना के सीएम केसीआर भी सैफई जाएंगे। नीतीश कुमार मंगलवार को नागालैंड के दौरे पर रहेंगे इसलिए बुधवार को सैफई आएंगे। मंगलवार को अंतिम संस्कार के दौरान बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव मौजूद रहेंगे। वहीं, तेलंगाना के सीएम केसीआर भी सैफई आएंगे और मुलायम के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।

10 Oct 2022, 07:00:10 PM IST

एसटी हसन सैफई के लिए रवाना

मुरादाबाद से सपा सांसद एसटी हसन सैफई गांव के लिए रवाना हो गए हैं। जानकारी के अनुसार एसटी हसन मुलायम सिंह यादव को सैफई उनके आवास पर पहुंचे श्रद्धांजलि देंगे।

10 Oct 2022, 06:36:48 PM IST

मुलायम को सैफई पहुंचकर सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि, मोदी की तरफ से भी चढ़ाया पुष्प चक्र

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सैफई पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री जी ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की ओर से स्व0 श्री मुलायम सिंह यादव के पार्थिक शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी की ओर से भी पुष्प चक्र अर्पित करने के पश्चात स्वयं भी पुष्प चक्र अर्पित कर मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने पार्टी की ओर से पुष्प चक्र अर्पित कर मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। जल शक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह ने भी इस अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

10 Oct 2022, 05:47:47 PM IST

घर में रखा गया मुलायम सिंह का पार्थिव शरीर, अंतिम दर्शन को उमड़ रहे लोग

कई दिनों से बीमार चल रहे मुलायम सिंह यादव का सोमवार की सुबह निधन हो गया। मुलायम के निधन के बाद उनके बेटे अखिलेश यादव एंबुलेंस से पार्थिव शव लेकर सैफई पहुंचे। सैफई गांव में सपा समर्थकों और ग्रामीणों का मुलायम की एक झलक पाने के लिए हुजूम उमड़ पड़ा। मुलायम सिंह का पार्थिव शरीर सैफई स्थित घर पर रखा गया है। यहां मुलायम के सिंह के अंतिम दर्शन करने के लिए लोगाें का आना शुरू हो गया है। 

10 Oct 2022, 04:44:55 PM IST

मुलायम का पार्थिव शरीर ला रही एम्बुलेंस में आई खराबी, मथुरा में रोकना पड़ा काफिला

पूर्व मुख्यमंत्री और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल से सैफई के लिए निकली एम्बुलेंस में मथुरा में खराबी आ गई। एम्बुलेंस से धुआं निकलता देख उसे रोकना पड़ा।

पूरी खबर यहां पढ़ें

10 Oct 2022, 03:48:04 PM IST

मुलायम का जाना राजनीति व समाज की बड़ी क्षति: ब्रजेश

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने कहा कि दु:ख की इस घड़ी में हम उनके परिवार के साथ हैं। उनके निधन से मैं नि:शब्द हूं। वे कुशल  राजनेता, वरिष्ठ प्रशासक, जमीनी नेता और बहुत अच्छे इंसान थे। उनका निधन राजनीति व समाज की बड़ी क्षति है। भारतीय मूल्यों में उनकी गहरी आस्था थी। डिप्टी सीएम ने कहा कि वे समाज के कमजोर और वंचित वर्ग के करोड़ों लोगों की आवाज थे। उन्होंने किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनगिनत प्रयास किए। उनका समर्पण और सेवाभाव लोगों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।

10 Oct 2022, 03:32:29 PM IST

वृंदावन कट पर 12 मिनट तक रुकी मुलायम का पार्थिव शरीर लेकर पहुंची एंबुलेंस, मथुरा के लोगों ने दी श्रद्धांजलि

मथुरा के लोगों ने यमुना एक्सप्रेस वे के वृंदावन कट और मांट टोल पर पहुंचकर मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। हालांकि एम्बुलेंस का गेट नहीं खोला गया और एम्बुलेंस पर फूल चढ़ा कर ही उन्हें मुलायम सिंह यादव के प्रति संवेदना व्यक्त करनी पड़ी। मुलायम सिंह यादव के शव को गुरुग्राम से सैफई जाते समय वाहनों का काफिला यमुना एक्सप्रेस वे पर होकर गुजरा। पहले मांट टोल पर एकत्र हुए सपाइयों ने काफिले के पहुंचते ही धरती पुत्र मुलायम सिंह अमर रहें के नारे लगाये। यहां एम्बुलेंस का गेट न खुलने पर कार्यकर्ताओं ने एम्बुलेंस पर ही पुष्प चढ़ाकर संवेदना व्यक्त की। इसके बाद एम्बुलेंस के साथ काफिला वृंदावन कट पर पहुंचा। वृंदावन कट पर कुछ वाहनों में पेट्रोल-डीजल डलवाया गया। यहां पर करीब 12 मिनट काफिला रुका रहा। 

10 Oct 2022, 03:31:08 PM IST

मुलायमः जब विरोधियों का दांव फेल करने पिता का नाम जोड़कर चुनावी मैदान में उतरे थे सपा नेता

मुलायम सिंह यादव जसवंतनगर सीट से जनता दल के प्रत्याशी बनकर चुनावी मैदान में थे। विरोधियों ने उन्हें पटखनी देने के लिए अजीब तरकीब निकाली। मुलायम नाम के एक अन्य प्रत्याशी को मैदान में उतार दिया था।

पूरी खबर यहां पढ़ें

10 Oct 2022, 03:07:45 PM IST

गमगीन बैठी परिवार, रिशेतेदार महिलाएं

मुलायम के सैफई आवास पर निधन की सूचना पर गमगीन बैठी परिवार, रिशेतेदार महिलाएं

10 Oct 2022, 02:32:14 PM IST

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दुख जताया

मुलायम सिंह यादव के निधन पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मुलायम का पुराने समाजवादियों में बड़ा नाम था। हम सबको उनके जाने का बहुत दुख है। भगवान उनके परिवार को दुख सहन करने की शक्ति दे।

10 Oct 2022, 01:58:25 PM IST

नेता जी का पार्थिव शरीर यमुना एक्सप्रेस-वे पहुंचा 

मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर यमुना एक्सप्रेस-वे पहुंच गया।   

10 Oct 2022, 01:20:53 PM IST

जेपी नड्डा ने मुलायम सिंह यादव के निधन का शोक जताया

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मुलायम सिंह यादव के निधन का शोक जताया। उन्होंने कहा कि मुलायम में राजनीतिक कौशल अद्भुत था। दशकों तक उन्होंने भारतीय राजनीति का एक स्तंभ बनकर समाज व राष्ट्र की सेवा की। जमीन से जुड़े परिवर्तनकारी,सामाजिक सद्भाव के नेता,आपातकाल में लोकतांत्रिक मूल्यों के पक्षधर के रूप में वे सदैव याद किए जाएंगे। उनका जाना अपूर्णीय क्षति है। 

10 Oct 2022, 01:18:44 PM IST

सोनिया गांधी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया। उन्होंने लिखा, "देश के पूर्व रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के रूप में मुलायम सिंह का योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा।"

10 Oct 2022, 01:13:01 PM IST

मेदांता से मुलायम सिंह यादव की अंतिम यात्रा निकली

गुड़गांव मेदांता से मुलायम सिंह यादव की अंतिम यात्रा निकल गई। सैफई के लिए  रवाना।

10 Oct 2022, 01:09:27 PM IST

लालू प्रसाद यादव ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दी श्रद्धांजलि

राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने आज सुबह तालकटोरा स्टेडियम में राजद पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद उन्हें श्रद्धांजलि दी।

10 Oct 2022, 01:06:10 PM IST

मुलायम सिंह यादव के निधन पर बिहार में राजकीय शोक

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर बिहार सरकार ने एकदिन (10.10.2022) का राजकीय शोक घोषित किया।

पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Azamgarh News ,Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , एजुकेशन न्यूज़ , धर्म ज्योतिष , राशिफल , और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।