
सांसद इकरा हसन के बयान पर बवाल, हिंदू रक्षा दल की चेतावनी के बाद अलर्ट पर प्रशासन; घर बना छावनी
संक्षेप: सांसद के आवास पर यातायात महिला सीओ तैनात रहीं। आवास के बाहर भी पुलिस को तैनात किया गया। पुलिस ने अनावश्यक किसी भी वाहन को सांसद के आवास के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया। पुलिस की नजर रही कि संगठन से जुड़ा कोई व्यक्ति भेष बदलकर सांसद के आवास तक न पहुंच जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के डेंटिंग-पेंटिंग वाले बयान पर सांसद इकरा हसन की प्रतिक्रिया के बाद हिंदू रक्षा दल के कैराना में सांसद आवास पर कूच कर विरोध प्रदर्शन की चेतावनी पर पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। इसको लेकर सांसद का आवास छावनी में तब्दील रहा। पुलिस ने सांसद के आवास तक किसी प्रदर्शनकारी को पहुंचने नहीं दिया। थानाभवन में टोल प्लाजा पर ही हिंदू रक्षा दल के प्रदेशाध्यक्ष ललित समेत पांच लोगों को रोक लिया गया उन्हें नजर बंद कर गुप्त स्थान पर रखा गया। शाम के समय उन्हें छोड़ दिय गया। शामली में भी दो लोगों को उनके आवास पर ही नजर बंद किया गया।

पिछले दिनों बरेली में हुए बवाल के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डेंटिंग पेंटिंग से संबंधित बयान दिया था। उनके इस बयान पर कैराना सांसद इकरा हसन की प्रतिक्रिया सामने आई थी। सांसद के बयान के विरोध में हिंदू सुरक्षा सेवा संघ व हिंदू रक्षा दल उत्तराखंड की ओर से कैराना में विरोध में प्रदर्शन की चेतावनी दी गई थी। हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के पदाधिकारी रोहित ने 11 अक्टूबर को कैराना में विरोध में पहुंचने के आह्वान की वीडियो भी वायरल की थी। इसी को लेकर प्रशासन-पुलिस अलर्ट हो गई। शनिवार को सांसद इकरा हसन के आवास पर जाने वाले रास्तों पर पुलिस ने बैरियर लगाए। इनमें अस्पताल की ओर से जाने वाला रास्ता और भूरा चुंगी की ओर से जाने वाला रास्ता शामिल रहा। पुलिस को तैनात किया गया। जबकि भूरा बाईपास पर भी बैरियर लगाते हुए सीओ श्याम सिंह फोर्स के साथ तैनात नजर आए।
सांसद के आवास पर यातायात महिला सीओ तैनात रहीं। आवास के बाहर भी पुलिस को तैनात किया गया। पुलिस ने अनावश्यक किसी भी वाहन को सांसद के आवास के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया। कैराना के अलावा झिंझाना समेत कई थानों और पुलिस लाइन से फोर्स पहुंचा था। एडीएम व एएसपी कोतवाली में कैंप कर हर गतिविधियों के बारे में जानकारी करते रहे। इस दौरान पुलिस की नजर रही कि संगठन से जुड़ा कोई व्यक्ति भेष बदलकर सांसद के आवास तक न पहुंच जाए। रोहित प्रधान ने भी वीडियो बनाकर फिलहाल कैराना नहीं पहुंचने का आह्वान किया। उधर विरोध प्रदर्शन के लिए कैराना पहुंचने के लिए हिंदू रक्षा दल के प्रदेशाध्यक्ष ललित अपने कुछ साथियों के साथ सहारनपुर की ओर आ रहे थे। इसके लिए जनपद बार्डर जलालाबाद से आगे स्थित टोल प्लाजा पर पहले से ही पुलिस बल तैनात था।
कैराना पहुंचे कार्यकर्ता समझाकर भेजे
दोपहर करीब दो बजे सहारनपुर से गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नितिन चौधरी कुछ लोगों के साथ कैराना पहुंचे। इससे पहले ही पुलिस को भनक लग गई, जिस पर पुलिस एक्शन में आई। हालांकि, नितिन चौधरी ने पुलिस को बताया कि वह किसी विरोध के लिए नहीं, बल्कि ऊंचागांव में आश्रम में दर्शन करने और महाराज जी से आशीर्वाद लेने आए हैं।
इकरा ने ये दी थी प्रतिक्रिया
सांसद इकरा हसन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि ऐसे संवैधानिक पद पर रहते हुए जिस तरह की भाषा का प्रयोग किया, डेंटिंग-पेंटिंग कर देंगे, मैं कहती हूं कि करके दिखाएं आप। यह देश अंतरिक्ष में नहीं हैं। यह भी दुनिया का ही हिस्सा है। यहां पर ऐसा नहीं चल सकता। यह प्रदेश में कर सकते हैं, लेकिन देश के स्तर पर कभी ऐसा नहीं हो सकता।





