जंतर मंतर लाठीचार्ज के खिलाफ संसद परिसर में आंदोलन, धरने पर बैठे चंद्रशेखर आजाद

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

जंतर मंतर पर युवाओं पर लाठीचार्ज और बर्बरता के खिलाफ आजाद समाज पार्टी के सांसद चंद्रशेखर आजाद संसद परिसर में ही धरने पर बैठ गए हैं। देर रात पुलिसिया कार्रवाई का वीडियो देखने के बाद चंद्रशेखर इतने आहत हुए कि उसी समय संसद पहुंचे और अकेले ही धरना शुरू कर दिया है।

Chandrashekhar Azad sit-in protest at Parliament complex
चंद्रशेखर आजाद का संसद परिसर में धरना

जंतर मंतर पर सोमवार को युवाओं पर हुए लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले और बर्बरता से पिटाई से आक्रोशित आजाद समाज पार्टी के सांसद और भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद रात से ही संसद परिसर में धरने पर बैठ गए हैं। चंद्रशेखर ने पुलिस कार्रवाई की तुलना जलियांवाला बाग कांड से कर दी। कहा कि उस कांड को तो हम लोगों ने नहीं देखा लेकिन जंतर मंतर पर जो कुछ देखा है, उसने जलियांवाला बाग की याद जरूर ताजा कर दी है। भारी बारिश के बीच चंद्रशेखर आजाद अकेले ही धरना दे रहे हैं। नीट परीक्षा में धांधली का आरोप लगाते हुए कैबिनेट मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे कॉकरोच जनता पार्टी के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन में भी चंद्रशेखर सोमवार को गए थे। जंतर-मंतर से सोमवार को संसद मार्च का आयोजन किया गया था। इसी दौरान पुलिस ने आंदोलनकारियों पर लाठियां बरसाईं, आंसू गैस के गोले छोड़े। कई लड़कियों ने कपड़े फाड़ने का भी आरोप लगाया। सादी वर्दी में भी पहुंचे पुलिस वालों ने कहर ढाया।

यूपी नगीना सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि दिन में तो जंतर-मंतर और आसपास जैमर लगे हुए थे। रात में जब अपने आफिस गया और पुलिसिया कार्रवाई के वीडियो देखे तो मुझसे रहा नहीं गया। मुझे लगा कि जब यह बच्चे भूखे प्यासे सड़कों पर रात में भी घूम रहे हैं। आंदोलन कर रहे हैं तो मैं कैसे चुप रहूंगा। एक युवा होने का कर्ज अदा करूंगा, इस मिट्टी का कर्ज अदा करूंगा। इसके बाद रात में ही यहां आकर बैठ गया। बारिश न रुके फिर भी यहीं बैठा रहूंगा। मैं भी युवा हूं और युवाओं का दर्द समझता हूं। आज जो युवा आंदोलन में बैठे हैं, उनको समर्थन देने और उनकी मदद करने के लिए यहां बैठा हूं।

बर्बरता ने जलियांवाला बाग की याद दिलाई

चंद्रशेखर ने कहा कि जंतर-मंतर पर बच्चों और बच्चियों के साथ जिस प्रकार का बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया गया, उसने मन को गहराई तक झकझोर दिया। मैंने जलियांवाला बाग का वह दौर नहीं देखा, लेकिन आज जो दृश्य सामने आए, उन्होंने इतिहास के उस काले अध्याय की याद अवश्य दिला दी।

लोकतंत्र में अपनी बात शांतिपूर्ण ढंग से रखना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। यदि उस अधिकार का उत्तर बल प्रयोग से दिया जाए, तो यह केवल कुछ लोगों पर नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों पर भी आघात है।

न मुद्दा खत्म हुआ है न आंदोलन

चंद्रशेखर ने कहा कि मैं देश के हर युवा साथी को भरोसा दिलाता हूं कि न यह मुद्दा खत्म हुआ है और न ही यह आंदोलन। आपका भाई हर कीमत पर आपके साथ खड़ा है। संसद से लेकर सड़क तक, इस लड़ाई को पूरी जिम्मेदारी, पूरी मजबूती और पूरी प्रतिबद्धता के साथ पहले भी लड़ी है और आगे भी पूरी ताकत के साथ लड़ूंगा। मैं केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि आपका भाई हूं। आपके अधिकार, सम्मान और भविष्य की इस लड़ाई में आखिरी दम तक आपके साथ रहूंगा।

पुलिस अपनी वर्दी दागदार न बनाएं

चंद्रशेखर ने कहा कि दिल्ली पुलिस से भी अपील करता हूं कि इन मासूम, पढ़ने-लिखने वाले युवाओं पर लाठियां चलाकर अपनी वर्दी को दागदार न करें। ये बच्चे भी इसी देश के भविष्य हैं और किसी न किसी पुलिसकर्मी, किसान, मजदूर या आम परिवार के घर से ही निकले हैं। स्थिति को संवेदनशीलता, धैर्य और कानून के दायरे में रहकर संभालिए। लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। वार्ता के बजाय दमन का रास्ता अपनाने से बात बनती नहीं, बल्कि बिगड़ती है।

उकसावे या अफवाह में न आएं युवा साथी

कहा कि सभी युवा साथियों से भी अपील करता हूं कि हर परिस्थिति में शांति, संयम और अनुशासन बनाए रखें। किसी भी उकसावे या अफवाह में न आएँ। हमारी सबसे बड़ी ताकत हमारी एकता, हमारा लोकतांत्रिक संघर्ष और संविधान पर हमारा विश्वास है। हम लड़ेंगे, डटकर लड़ेंगे, लेकिन संविधान और लोकतंत्र के रास्ते पर चलकर अपने अधिकार लेकर रहेंगे।

दोषियों पर कार्रवाई तक जारी रहेगा संघर्ष

कहा कि बच्चों को हुई पीड़ा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प के साथ संसद भवन परिसर में परम पूज्य बाबा साहेब की प्रतिमा के नीचे धरने पर बैठ रहा हूं। जब तक न्याय सुनिश्चित नहीं होता और इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध उचित कार्रवाई नहीं होती, मेरा यह शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsजंतर मंतर लाठीचार्ज के खिलाफ संसद परिसर में आंदोलन, धरने पर बैठे चंद्रशेखर आजाद