
गिड़गिड़ाती रही मां, पेचकस से गर्दन गोदता रहा, ऑनलाइन गेम के लती बेटे ने किया था मर्डर
लखनऊ में डेयरी संचालक रमेश की पत्नी रेनू का कत्ल उसके बेटे निखिल ने किया था। ऑनलाइन गेम के लती बेटे के सामने मां चीखती और गिड़गिड़ाती रही, लेकिन वह पेचकस से गर्दन गोदता रहा। खुलासे के बाद आरोपी बेटा गिरफ्तार हो गया है।
लखनऊ में रायबरेली रोड कल्ली पश्चिम के बाबू खेड़ा गांव में डेयरी संचालक रमेश की पत्नी रेनू (45) का कत्ल उसके बेटे निखिल ने किया था। पीजीआई थाने की पुलिस और क्राइम टीम ने आरोपी निखिल को गिरफ्तार कर लिया। निखिल एक साल से ऑनलाइन गेम खेल रहा था। उसमें वह करीब 50 लाख रुपये हारा था। कुछ रुपये ऑनलाइन ऐप के माध्यम से लोन लिया था। लोन चुकता करने के लिए वह तीन अक्टूबर की शाम घर से जेवर चोरी कर रहा था। इस बीच मां आ गई। उसे लगा मां ने देख लिया है। इसके बाद महिला चीखती और गिड़गिड़ती रही पर पेचकश लेकर वह दरिंदा मां पर टूट पड़ा, ताबड़तोड़ प्रहार कर गर्दन गोद डाली। सिलेंडर सिर पर दे मारा। मां की हत्या कर जेवर लेकर बाइक से भाग निकला था।

पुलिस उपायुक्त दक्षिणी निपुण अग्रवाल के मुताबिक मां की हत्या करने के बाद निखिल पिता की बाइक लेकर और बैग में जेवर रखकर भागा था। वह कैंटोमेंट के रास्ते चारबाग पहुंचा। वहां बाइक खड़ी की फिर त्रिवेणी एक्सप्रेस से भाग गया था। आरोपी निखिल को फतेहपुर फतेहपुर जनपद के सलतानपुर बहेरा अल्लीपुर औरम्हा गांव से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में उसने मां की हत्या की बात स्वीकार की है। निखिल बीए की पढ़ाई कर रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह ऑनलाइन गेम खेलने का आदी था। करीब एक साल से वह गेम खेल रहा था। गेम और सट्टे में करीब वह 50 लाख रुपये का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर चुका था। निखिल के मुताबिक वह tirangagamee.games के लिंक से Aviator गेम पर सट्टा लगाता था।
गेम और सट्टे में वह लाखों रुपये हार चुका था। उसने ऑनलाइन एेप MPOKKET से 25000 रुपये, FLASH WALLET से 2600 रुपये, RAM Fincorp से 2000 रुपये लोन लिया था। यह एेप आवेन करने पर उच्च ब्याज दर पर तत्काल ऋण देते है। सट्टे और गेमिंग में रुपये हार जाने के कारण चुकता नहीं कर पा रहा था। लोन देने वाले जालसाज ब्लैकमेल कर डेटा का दुरूपयोग करने का दबाव बना रहे थे। रुपयों की सख्त जरूरत थी। इस लिए तीन अक्टूबर को काकोरी स्थित उनके मायके से मां को लेकर आया। इसके बाद मौका पाते ही अलमारी से जेवर चोरी कर रहा था। इस बीच मां कई बार कमरे में आई। मां ने चोरी करते हुए देख लिया था। अलमारी में रखा पेचकस उठाया। मां की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार किए। वह जब खून से लथपथ होकर गिर पड़ी तो सिलेंडर उनके सिर पर दे मारा। जेवर बैग में रखकर पापा की बाइक उठाई और भाग निकला था।
गढ़ी झूठी लूट के बाद हत्या की कहानी :
एडीसीपी दक्षिणी आरपी बसंत कुमार ने बताया कि वारदात के बाद भागते समय निखिल ने अपने मामा और दोस्त को फोन किया था। उसने बताया कि वह घर पहुंचा तो असलहों से लैस बदमाश मां पर हमला कर रहे थे। उसे देखकर बैग में जेवर रखकर भाग निकले। वह बदमाशों के पीछे भाग रहा है। बदमाश उसे भी नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसके बाद उसने मोबाइल स्विच आफ कर दिया था। सीसी फुटेज चेक की गई तो पता निखिल घर के पास ही गली से जाते दिखा। वह पिट्ठू बैग लादे था और बाइक से आराम से जा रहा था। इस पर आशंका हुई की कातिल वही हो सकता है। इसके अलावा अन्य सीसी कैमरों की पड़ताल की गई कोई घर की तरफ संदिग्ध बदमाश आता जाता नहीं दिखा। इस लिए उस पर यकीन हो गया था कि हत्या उसी ने की है।
बरामदगी :
निखिल के पास से एक सोने की चेन, एक मंगलसूत्र, टॉप्स, कान की बाली दो जोड़ी, हत्या में प्रयुक्त पेचकस बरामद किया गया है।



