आखिरी साबित हुई अनामिका से मां की सुबह की बात, लखनऊ अग्निकांड ने तोड़ दिया सिलसिला

भाषा
Follow us on Google News
share

Lucknow Fire Tragedy : लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले युवाओं में कोलकाता की 30 साल की अनामिका भी शामिल है। अनामिका की मां रोज सुबह उनसे बात करती थीं। परिवार की सुबह की शुरुआत मां-बेटी की इसी बातचीत से होती थी लेकिन सोमवार को लगी इस भीषण आग ने यह सिलसिला हमेशा के लिए तोड़ दिया।

आखिरी साबित हुई अनामिका से मां की सुबह की बात, लखनऊ अग्निकांड ने तोड़ दिया सिलसिला

Lucknow Fire Tragedy : लखनऊ के अलीगंज सेक्टर-डी की चार मंजिला इमारत में सोमवार को लगी भीषण आग ने न सिर्फ 15 जिंदगियां ली लीं बल्कि उनके परिवारों के सपनों को जलाकर राख भी कर दिया। हादसे में मारे गए बच्चों में से एक अनामिका की मां के लिए सोमवार की सुबह हुई उससे बात आखिरी साबित हुई। अनामिका कोलकाता के बेहाला की थी। वहां रहने वाले सामंत परिवार के लिए रोज सुबह की शुरुआत मां और बेटी के बीच होने वाली फोन कॉल के साथ होती थी। सोमवार को भी ऐसा ही हुआ था लेकिन शाम तक, यह रोज का सिलसिला हमेशा के लिए टूट गया।

हावड़ा (कोलकाता) जिले के एक गांव की 30 साल की अनामिका सामंत सोमवार को लखनऊ के अलीगंज इलाके में एक व्यावसायिक इमारत में लगी भीषण आग में मारे गए लोगों में शामिल थीं। वह पिछले तीन सालों से लखनऊ में काम कर रही थीं। उनकी मां सुलेखा सामंत, अपनी आखिरी बातचीत को याद करते हुए आंसू रोकने की कोशिश कर रही थीं। उन्होंने कहा, ‘उसने सोमवार सुबह मुझसे बात की थी। हम रोज बात करते थे। मैंने कभी नहीं सोचा था कि वह हमारी आखिरी बातचीत होगी।’ परिवार के सदस्य-उनके माता-पिता विश्वनाथ और सुलेखा, भाई आकाश और चाचा पलाश कोलकाता पुलिस से इस दुखद घटना की खबर मिलने के बाद लखनऊ पहुंचे। वे मंगलवार को शहर पहुंचे, और किसी चमत्कार की उम्मीद कर रहे थे। इसके बजाय, उन्हें शव गृह में एक दिल दहला देने वाली सच्चाई का सामना करना पड़ा।

दूर रहकर भी परिवार के एक-एक सदस्य का ख्याल रखती थी अनामिका

अनामिका के शव की पहचान करने के मुश्किल अनुभव को बताते हुए परिवार के एक सदस्य ने कहा, ‘सिर्फ़ उसका चेहरा दिख रहा था। हम उसी से उसे पहचान पाए। उसका बाकी शरीर जल चुका था।’ परिवार के लिए यह नुकसान इसलिए भी बहुत मुश्किल है क्योंकि उन्होंने हाल ही में साथ समय बिताया था। कुछ हफ़्ते पहले ही, जून में, परिवार मनाली गया था, जहां की यादें अब रुलाती हैं। रिश्तेदारों ने अनामिका को एक देखभाल करने वाली बेटी बताया, जो काम के सिलसिले में सैकड़ों किलोमीटर दूर रहने के बावजूद अपने परिवार से गहराई से जुड़ी हुई थी। घर पर उसकी रोजाना की कॉल उसकी मां के लिए एक प्यारी आदत बन गई थी, और परिवार उसकी शादी की तैयारी कर रहा था। लखनऊ में जरूरी औपचारिकता पूरी होने के बाद, परिवार उसके शव को पश्चिम बंगाल ले जाने की तैयारी कर रहा है। उसका अंतिम संस्कार हावड़ा ज़िले में उनके पैतृक गांव गढ़बालिया में किया जाएगा, जहां रिश्तेदार और ग्रामीण उसके घर लौटने का इंतज़ार कर रहे हैं।

एसआईटी कर रही है अग्निकांड की जांच

सोमवार को लखनऊ के अलीगंज इलाके में स्थित सेंटर में आग लग गई थी, जिसके बाद कई दमकल वाहनों और आपात प्रतिक्रिया दलों के साथ बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया गया। आग फैलने पर कई छात्र और स्टाफ सदस्य इमारत के अंदर फंस गए थे। अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना में 15 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से ज़्यादातर कोचिंग सेंटर से जुड़े युवा थे। कई अन्य लोग आग में झुलस गए और किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) में उनका इलाज चल रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार ने आग लगने की वजह का पता लगाने और सुरक्षा उपायों में किसी तरह की लापरवाही की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) से जांच के आदेश दिए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा है कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsआखिरी साबित हुई अनामिका से मां की सुबह की बात, लखनऊ की आग ने तोड़ दिया सिलसिला