Hindi NewsUP Newsmother poisoned her two children and then consumed herself woman daughter died while her son is in critical condition
दो बच्चों को जहर देकर मां ने भी खाया, महिला-बेटी की मौत, बेटे की हालत गंभीर

दो बच्चों को जहर देकर मां ने भी खाया, महिला-बेटी की मौत, बेटे की हालत गंभीर

संक्षेप:

यूपी के सहारनपुर में एक परिवार में दर्दनाक घटना हुई है। महिला ने अपने दो बच्चों को जहर देने के बाद खुद भी खा लिया। मां और बेटी की मौत हो गई है। बेटा अस्पताल में जीवन और मौत से संघर्ष कर रहा है।

Jan 16, 2026 10:09 am ISTYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव बलियाखेड़ी में एक महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपने दो मासूम बच्चों के साथ जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इस भयावह घटना में महिला और उसकी मासूम बेटी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका बेटा अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा है और मायके पक्ष ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

आधी रात को मचा कोहराम

जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक वाकया बृहस्पतिवार देर रात का है। गांव बलियाखेड़ी में रहने वाली महिला और उसके दो बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। तीनों को तड़पता देख परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों ने महिला और उसकी बेटी को मृत घोषित कर दिया। महिला के मासूम बेटे की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिसे आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।

पति पर प्रताड़ना का आरोप, पुलिस ने लिया हिरासत में

इस दोहरी मौत की खबर मिलते ही मृतका के मायके वाले भी अस्पताल पहुँच गए। उन्होंने रोते-बिलखते हुए महिला के पति पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या महिला ने घरेलू कलह से तंग आकर यह आत्मघाती कदम उठाया या इसके पीछे कोई और बड़ी साजिश है।

पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी सिटी व्योम बिंदल ने मौके का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला जहर के सेवन का लग रहा है, लेकिन असल कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेन्सिक टीम ने भी घर से कुछ नमूने एकत्र किए हैं ताकि जहर के प्रकार की पुष्टि हो सके।

क्षेत्र में पसरा सन्नाटा

बलियाखेड़ी गांव में इस घटना के बाद से सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार में अक्सर तनाव रहता था, लेकिन मामला इतना बड़ा मोड़ ले लेगा, इसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। एक साथ दो मौतों और एक मासूम के अस्पताल में होने से हर कोई स्तब्ध है। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि कहीं महिला को जबरन जहर तो नहीं दिया गया।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं। 

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |
;;
;