फेसबुक फ्रेंड से तीन बच्चों की मां को हुआ प्यार, प्रेमी और उसके दोस्त से कराई पति की हत्या
झाँसी में हुई एक सनसनीखेज हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने जो खुलासा किया है, वह किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। यहां एक पत्नी ने फेसबुक पर हुई दोस्ती और प्यार की खातिर अपने सुहाग का ही कत्ल करवा दिया।

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में बीते दिनों हुई जगभान कुशवाहा की हत्या का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस हत्याकांड की मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि उसकी पत्नी ही निकली, जिसने फेसबुक पर बने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या था मामला?
बीती 31 जनवरी 2026 को नवाबाद थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन पुलिया नंबर 9 के पास एक अज्ञात व्यक्ति का लहूलुहान शव मिला था। शिनाख्त होने पर पता चला कि मृतक ललितपुर के तालबेहट का रहने वाला जगभान कुशवाहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि जगभान की मौत गोली लगने से हुई है। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की, तो कड़ियां सीधे घर की दहलीज तक जा पहुँचीं।
फेसबुक पर परवान चढ़ा 'खूनी' इश्क
पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि मृतक की पत्नी किरन कुशवाहा फेसबुक के जरिए शिवकुमार लोधी नाम के युवक के संपर्क में आई थी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। तीन बच्चों की मां किरन का दावा है कि उसका पति जगभान अक्सर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना करता था। पति के जुल्मों से छुटकारा पाने और प्रेमी के साथ नई जिंदगी बसाने के लिए किरन ने खौफनाक साजिश रची।
साजिश और वारदात
योजना के मुताबिक, 31 जनवरी को जैसे ही जगभान घर से निकला, किरन ने तुरंत अपने प्रेमी शिवकुमार को इसकी सूचना दे दी। शिवकुमार अपने साथी धर्मेंद्र लोधी के साथ बाइक पर सवार होकर निकला और सुनसान जगह देखते ही 315 बोर के तमंचे से जगभान की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए।
पुलिस की गिरफ्त में हत्यारे
नवाबाद पुलिस और स्वाट टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर मंगलवार (10 फरवरी) को रक्सा बाइपास तिराहे के पास से तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा, एक बाइक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए पुरुष आरोपी अंतर्राज्यीय अपराधी हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, घरेलू हिंसा और प्रेम प्रसंग के चलते इस हत्या को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर तीनों को जेल भेज दिया है।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें

