लखनऊ में 5 बच्चों की मां की निर्मम हत्या, घरेलू विवाद में पति ने ही कुल्हाड़ी से काट डाला
लखनऊ के निगोहां के शेखनखेड़ा गांव में घरेलू विवाद के बाद पति राजेश रावत ने पत्नी राजेश्वरी (46) की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात के समय बच्चे घर से बाहर थे। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी की तलाश में कई टीमें लगा दी हैं।

लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र के शेखनखेड़ा गांव में रविवार रात घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस के अनुसार शेखनखेड़ा गांव में अपनी ससुराल में रह रहे राजेश रावत का रविवार रात पत्नी राजेश्वरी (46) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या
विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर राजेश ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में राजेश्वरी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी घर से फरार हो गया। राजेश रावत मूल रूप से नगराम थाना क्षेत्र के अक्रूदू गांव का रहने वाला है। वह पिछले करीब दो वर्षों से अपनी ससुराल शेखनखेड़ा में ही रह रहा था। दंपति के पांच बच्चे हैं—गुलशन (22), मंजीत (20), अजय (18), रजनीश (15) और आयुष (7)। घटना के समय परिवार के बड़े बेटे गुलशन समेत अन्य बच्चे पड़ोस में रहने वाले बलराम के बेटे के पांव पुज्जी कार्यक्रम में गए हुए थे। इसी दौरान घर में पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर राजेश ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से राजेश्वरी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
5 बच्चों की मां थी मृतका
कुछ देर बाद जब बड़ा बेटा गुलशन घर लौटा तो उसने कमरे में चारपाई पर मां को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। यह देखकर वह घबरा गया और शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर अन्य बेटे और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी राजेश फरार हो चुका था। सूचना मिलते ही थानाप्रभारी अनुज तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी राजेश नशे का आदी बताया जा रहा है और अक्सर घर में विवाद करता था। रविवार को भी किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गई।अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी बसंत कुमार रल्लापल्ली ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और सर्विलांस की कई टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


