6 महीने की बेटी को सीने से लगाकर कुएं में कूदी मां, ससुराल वालों पर 10 लाख के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
प्रयागराज में शुक्रवार को एक महिला ने अपनी छह महीने की दुधमुंही बेटी के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। मां-बेटी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद कुएं से दोनों शव बाहर निकलवाए।

यूपी के प्रयागराज से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां कौंधियारा थाना क्षेत्र के बड़गोहना खुर्द गांव में शुक्रवार को एक महिला ने अपनी छह महीने की दुधमुंही बेटी के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। मां-बेटी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद कुएं से दोनों शव बाहर निकलवाए और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने उसके पति और ननदोई को गिरफ्तार कर लिया है।
घूरपुर के देवरिया मनकवार गांव के रहने वाले स्वर्गीय रामचंद्र की 25 वर्षीय बेटी सोनम की पहली शादी 2018 में बड़गोहना खुर्द के रहने वाले ज्ञानचंद्र से हुई थी। तीन साल पूर्व सड़क हादसे में ज्ञानचंद्र की मौत हो गई। इसके बाद 2024 में सोनम की शादी उसके देवर शिवबाबू से करा दिया गया था। पहले पति से सोनम की लगभग तीन वर्षीय एक बेटी सृष्टि है, जबकि छह महीने पूर्व उसने दूसरी बेटी दृष्टि को जन्म दिया था। मायका पक्ष का आरोप है कि पहले पति की मौत के बाद शासन से मिले लगभग दस लाख रुपये के मुआवजे को हड़पने के लिए पति शिवबाबू, ससुराल पक्ष और ननदोई लक्ष्मण पटेल सोनम को लगातार प्रताड़ित और मारपीट करता था।
पति से झगड़े के बाद लापता हो गई थी सोनम
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार शाम सोनम मायके से ससुराल लौटी थी, जहां पति से कहासुनी हुई। शुक्रवार सुबह जब काफी देर तक सोनम और उसकी बच्ची घर में नजर नहीं आईं, तो खोजबीन शुरू की गई। इसी दौरान घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित कुएं में मां-बेटी के उतराते शव दिखे, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। कौंधियारा पुलिस ने मृतका के भाई रामगणेश की तहरीर पर पति शिवबाबू और ननदोई लक्ष्मण पटेल के खिलाफ मारपीट व आत्महत्या के लिए उकसाने का नामजद मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलम खान ने बताया कि महिला ने बेटी के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। मृतका के भाई की तहरीर पर पति व बहनोई के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें


