30 से ज्यादा ट्रेनें डायवर्ट जानकारी लेकर निकलें, इस स्टेशन पर 2 दिन रहेगा मेगा ट्रैफिक ब्लॉक
कॉनकोर्स निर्माण और ओएचई के काम के चलते 14 और 15 सितंबर को चारबाग स्टेशन पर मेगा ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा। ऐसे में कई ट्रेनों का रूट डायवर्ट किया गया है। कई प्रमुख ट्रेनें भी चारबाग से न लाकर लखनऊ शहर के बाहरी स्टेशनों से चलाई जाएंगी। रेलवे प्रशासन ने अपील की है कि जानकारी लेकर ही यात्रा शुरू करें।

Train Diversion News: उत्तर रेलवे के लखनऊ स्थित चारबाग स्टेशन पर कॉनकोर्स निर्माण और ओएचई के काम के चलते 14 और 15 सितंबर को मेगा ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा। इससे 30 से अधिक प्रमुख ट्रेनों को चारबाग से न लाकर लखनऊ शहर के बाहरी स्टेशनों से चलाया जाएगा। लखनऊ आने-जाने वाली कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनों का संचालन भी बाहरी स्टेशनों तक सीमित रहेगा। यात्री रेलवे के ऐप और पूछताछ नंबर 139 पर स्थिति जांच कर निकलें।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम समर्थ गुप्ता के अनुसार ब्लॉक के दौरान काशी विश्वनाथ, हावड़ा-देहरादून, गोरखधाम, दानापुर-आनंद विहार, अर्चना एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें उतरेठिया-ट्रांसपोर्ट नगर-आलमनगर अथवा मल्हौर-ऐशबाग-मानक नगर होकर चलेंगी। प्रयागराज संगम-बरेली, प्रयागराज-सहारनपुर और प्रयागराज-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस भी चारबाग नहीं आएंगी। गोरखपुर से मुंबई और गुजरात जाने वाली कई ट्रेनें भी उक्त स्टेशनों से संचालित होंगी।
64 ट्रेनों के प्लेटफार्म में होगा बदलाव
ब्लॉक के दौरान चारबाग के प्लेटफॉर्म 2 से 7 तक ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान 64 प्रमुख ट्रेनों के प्लेटफार्म में बदलाव किया गया है। इसमें से कई ट्रेनों के प्लेटफार्म ट्रेनों के आवागमन से कुछ समय पहले भी अचानक बदले जा सकते हैं। यात्रियों को इसके लिए खुद को तैयार रखना चाहिए और यात्रा शुरू करने से पहले जानकारी लेते रहना चाहिए। वहीं बनारस-लखनऊ एक्सप्रेस 14 और 15 सितंबर को चारबाग के बजाय उतरेठिया तक आएगी। झांसी-लखनऊ मेमू कानपुर सेंट्रल तक ही चलेगी। वहीं, कानपुर-लखनऊ मेमू 14 से 16 सितंबर तक मानक नगर में ही समाप्त होगी।
रेलवे प्रशासन ने की ये अपील
ट्रेनों के रूट डायवर्जन को लेकर रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले एनटीईएस मोबाइल ऐप या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 के जरिए ट्रेनों के सही समय और स्थिति की जानकारी जरूर कर लें। मेगा ब्लॉक के चलते कई ट्रेनों को चारबाग स्टेशन से पहले ही शार्ट टर्मिनेट किया गया है जबकि कई ट्रेनों को डावर्टेड रूट से चलाया जा रहा है। बिना जानकारी लिए यात्रा शुरू करने से दिक्कत हो सकती है।
क्रासिंग पर फंसी ट्रॉली, ट्रेनें प्रभावित
वहीं, लखनऊ के मल्हौर की भरवारा रेलवे क्रॉसिंग पर शनिवार सुबह सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली रेलवे ट्रैक पर फंस गई। इससे लखनऊ-बाराबंकी रेलखंड पर एक घंटे तक संचालन प्रभावित रहा। मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस समेत छह से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुईं और कई ट्रेनें एक घंटे से अधिक देरी से चलीं। ट्रॉली का पहिया सड़क की अधूरी खुदाई में धंस गया था। एक घंटे बाद जेसीबी की मदद से ट्रॉली हटाई गई।


