
शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, गर्भवती होने पर छोड़ा साथ
Moradabad News - कटघर थाना क्षेत्र की एक युवती को जनवरी में एक युवक द्वारा बहलाफुसलाकर भगा लिया गया। शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और गर्भवती होने पर छोड़ दिया। आरोपी ने उसके खिलाफ दर्ज मुकदमा खत्म...
कटघर थाना क्षेत्र निवासी युवती को एक युवक जनवरी में बहलाफुसला कर भगा ले गया। शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और शोषण किया। इतना ही नहीं उसने अपने खिलाफ दर्ज कराया गया अपहरण का केस भी पक्ष में बयान दिलवा कर खत्म करा लिया। पीड़िता के गर्भवती होने पर उसे छोड़कर भाग गया। आरोपी के माता-पिता ने भी पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी। मामले में डीआईजी के आदेश पर कटघर पुलिस ने आरोपी युवक और उसके माता-पिता के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना कटघर के दस सराय चौकी क्षेत्र निवासी युवती ने बीते दिनों डीआईजी को शिकायती पत्र देकर बताया कि बीती 10 जनवरी 2025 को गोविंदनगर निवासी अनुज उसे बहलाफुसला कर अपने साथ ले गया।
युवती के पिता ने केस दर्ज कराया था। पीड़िता के अनुसार बाद में अनुज ने यह कहते हुए दबाव बनाया कि तेरे पिता ने मुकदमा दर्ज करा दिया था। दौरान आरोपी अनुज ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इस बीच पीड़िता गर्भवती हो गई तो आरोपी अनुज उसे छोड़कर भाग गया। आरोप है कि अनुज ने साजिश के तहत अपने खिलाफ दर्ज मुकदमा खत्म कराया और उससे मुंह मोड़ लिया। अब वह सात माह की गर्भवती है और किराये के मकान में रह रही है। पीड़िता के अनुसार माता-पिता भी अब उसका साथ नहीं दे रहे हैं। परेशान होकर बीते जुलाई में पीड़िता अनुज के माता-पिता से मिली और व्यथा बताई। आरोप है कि अनुज के माता-पिता ने धमकी देकर उसे घर से भगा दिया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी अनुज ने उसके सोने के कुंडल, दो सोने के कंगन और 1.60 लाख रुपये भी लेकर रख लिए। पीड़िता ने डीआईजी से मांग की कि आरोपी अनुज और उसके परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी ने कटघर एसएचओ को कार्रवाई के आदेश दिए। इस संबंध में एसएचओ कटघर संजय कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक अनुज, उसके पिता मुनेंद्र उर्फ मुंशी और उसकी मां के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी देने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




