
निर्यात फर्म के कामगार पहुंचे डीएलसी दफ्तर, लगाया निकालने का आरोप
Moradabad News - मुरादाबाद में अमेरिका के ट्रंप के टैरिफ के कारण निर्यात कारोबार में संकट के चलते डिजाइनको एक्सपोर्ट फर्म से कामगारों को निकाले जाने का मामला सामने आया। श्रमिकों ने श्रम विभाग में शिकायत की और आरोप लगाया कि उन्हें बिना लिखित सूचना के निकाला गया। उपश्रमायुक्त ने फर्म प्रबंधन से मामले का निस्तारण कराने का निर्देश दिया।
मुरादाबाद। अमेरिका में ट्रंप के टैरिफ के चलते मुरादाबाद के निर्यात कारोबार में बढ़े संकट के बीच शहर की एक्सपोर्ट फर्म से बड़ी संख्या में कामगारों को निकाले जाने के आरोप सामने आया। डिजाइनको एक्सपोर्ट फर्म में कार्यरत रहे कई श्रमिक शुक्रवार को श्रम विभाग के कार्यालय में पहुंचे। उपश्रमायुक्त दीप्तिमान भट्ट से मिलकर उन्होंने अपनी समस्या बताई और मदद की गुहार लगाई। कामगारों ने फर्म के प्रबंधन पर सिर्फ मौखिक सूचना के आधार पर उन्हें काम से निकाले जाने का आरोप लगाया। कुछ कामगारों ने बीस साल से फर्म में लगागार सेवाएं देने की बात कही। उपश्रमायुक्त ने एक्सपोर्ट फर्म के प्रबंधन से जुड़े प्रतिनिधियों को अपने दफ्तर में बुलाया और श्रमिकों की तरफ से लगाए गए आरोपों से अवगत कराकर उनकी समस्या का निस्तारण सुनिश्चित कराने के लिए निर्देशित किया।
अधिकारी व फर्म प्रतिनिधि की बात, डिजाइनको फर्म में कार्यरत रहे जो श्रमिक पहुंचे थे, उन्होंने फैक्ट्री में छह हजार वर्कर्स के नियुक्त होने और डेढ़ से दो हजार वर्कर्स को काम नहीं होने का हवाला देकर निकाल दिए जाने की जानकारी दी। नियमानुसार, किसी भी संस्थान द्वारा वर्कर्स की छंटनी करने से पहले लिखित रूप से विभाग को सूचित करना जरूरी है। फर्म द्वारा ऐसी कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई। दीप्तिमान भट्ट, उपश्रमायुक्त, मुरादाबाद फर्म द्वारा किसी भी कर्मचारी को नहीं निकाला गया है। संभवत: यह प्रबंधन और वर्कर्स के बीच संवादहीनता उत्पन्न हो जाने से जुड़ा मामला प्रतीत हो रहा है। शिकायतकर्ता सभी वर्कर्स के साथ सोमवार को संस्थान में एचआर प्रबंधक के साथ वार्ता कराई जाएगी। जल्द ही मामले का निस्तारण करा दिया जाएगा। पंकज सक्सेना, प्रशासनिक अधिकारी, डिजाइनको एक्सपोर्ट फर्म

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




