
शादी में डांस को लेकर विवाद में युवक पर फायरिंग, केस दर्ज
Moradabad News - शादी के दौरान सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोरा मुस्तकम में दो युवकों के बीच विवाद हो गया। एक युवक ने दूसरे पर तमंचे से फायर किया, जिसमें पीड़ित बाल-बाल बच गया। आरोपी भाग गया और पुलिस ने केस दर्ज किया। जांच में पता चला कि आरोपी पहले भी अपराध में शामिल रहा है।
शादी में बारात चढ़त के दौरान सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोरा मुस्तकम में दो युवकों में विवाद हो गया। आरोप है कि एक युवक ने दूसरे पर तमंचे से फायर कर दिया, जिसमें पीड़ित बाल-बाल बच गया। आरोपी तमंचा लहराते हुए वहां से भाग गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के हरथला सब्जी मंडी निवासी विशाल चौधरी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दो नवंबर को उसके दोस्त वरुण पाल की शादी थी। शादी में शामिल होने वह मोरा मुस्तकम स्थित एसी फार्म हाउस गया था। वहां डांस के दौरान विशाल का काजीपुरा निवासी अंकुर पाल से विवाद हो गया।

उस समय लोगों ने मामला शांत करा दिया। आरोप है कि थोड़ी देर बाद रात करीब 11:30 बजे अंकुर पाल अपने घर से तमंचा लेकर आया और विशाल को घेर लिया। आरोपी हवा में तमंचा लहराते हुए हवाई फायर किया और अंकुर के सीने पर तमंचा तान कर फायर कर दिया। गनीमत रही कि विशाल ने उसका हाथ झटक दिया और गोली हवा में चली गई। बाद में आरोपी धमकी देकर वहां से भाग गया। इस दौरान कई लोगों ने उसकी वीडियो बना ली। जिसके बाद पीड़ित विशाल चौधरी ने सिविल लाइंस थाने पहुंचकर तहरीर दी। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी अंकुर पाल के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में जानलेवा हमले का केस दर्ज किया गया है। जांच में पता चला है कि आरोपी अपरााधिक प्रवृत्ति का है और पहले भी उसके ऊपर जानलेवा हमले का केस दर्ज हो चुका है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




