हादसे में दो सगे भाइयों की मौत, कोहराम
कुंदरकी हादसे में दो सगे भाइयों की मौत ने परिवार में कोहराम मचा दिया। वृद्ध पिता तो सूचना सुनकर बेहोश हो गए। रिश्तेदारों ने उन्हें किसी तरह संभाला। सतेंद्र के बच्चे तो पिता के घर लौटने का इंतजार कर...
कुंदरकी हादसे में दो सगे भाइयों की मौत ने परिवार में कोहराम मचा दिया। वृद्ध पिता तो सूचना सुनकर बेहोश हो गए। रिश्तेदारों ने उन्हें किसी तरह संभाला। सतेंद्र के बच्चे तो पिता के घर लौटने का इंतजार कर रहे थे। देर रात गमगीन माहौल में दोनों बेटों का अंतिम संस्कार किया गया।
सौदान सिंह किसान हैं। दो बेटे सतेंद्र और लालसिंह के अलावा दो बेटियां पार्वती और प्रेमवती हैं। सुबह तक परिवार में सब कुछ ठीक-ठाक था। सभी ने एक-दूसरे को नई साल की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद दोनों भाई रिश्ते के साले यशपाल निवासी सिरौली बरेली के साथ काम करने के लिए मुरादाबाद स्थित सीएल गुप्ता फर्म के लिए निकले। सतेंद्र बाइक चला रहा था। डोमघर के पास पहुंचा तो कोहरा अधिक होने के कारण पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को रौंद डाला। तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जेब में मिले मोबाइल और आधार कार्ड के जरिए शिनाख्त हुई। सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। वृद्ध पिता सौदान सिंह तो शव देखकर बेहोश हो गए। रिश्तेदारों ने उन्हें संभाला। बहनों प्रेमवती और पार्वती का भी बुरा हाल था। पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे सौदान सिंह कई बार गश खाकर गिरे। बाद में उन्हें लोगों ने बैठाया। उनकी आंखों से आंसू थम नहीं रहे थे।