नीलगाय और कार को बचाने के प्रयास में खाई में घुसा ट्रक
रतुपुरा मार्ग पर बैजनाथपुर के पास एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। ट्रक ने अचानक सड़क पर आई नीलगाय और सामने से आती कार को बचाने के प्रयास में खाई में गिर गया। चालक सुरक्षित बच गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि चालक ने सूझबूझ से बड़ा हादसा टाल दिया।

रतुपुरा मार्ग स्थित ग्राम बैजनाथपुर के पास गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। काशीपुर से कांठ की ओर जा रहा एक ट्रक अचानक सड़क पर आई नीलगाय और सामने से आ रही कार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि चालक सुरक्षित बच गया और कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक सामान्य गति से काशीपुर से कांठ की ओर जा रहा था। जब ट्रक बैजनाथपुर गांव के निकट पहुंचा तो अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई।
इसी दौरान सामने से एक कार भी आ रही थी। चालक के सामने एकाएक विकट स्थिति उत्पन्न हो गई। नीलगाय और कार से टक्कर की आशंका को देखते हुए चालक ने तुरंत ट्रक को सड़क के किनारे मोड़ दिया। हालांकि सड़क के किनारे पर्याप्त जगह न होने और वाहन का संतुलन बिगड़ जाने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में उतर गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने ट्रक के केबिन में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर लोगों की भीड़ लग गई और आवागमन भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि चालक ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए बड़ा हादसा होने से बचा लिया। समाचार लिखे जाने तक ट्रक को बाहर निकालने के प्रयास जारी थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


