
वाहनों पर पुलिस व मिल प्रशासन ने लगवाए रिफ्लेक्टिव रेडियम टेप
Moradabad News - त्रिवेणी इंजीनियरिंग एंड इंडस्ट्रीज ने शुगर यूनिट-रानीनांगल में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। डिप्टी एसपी अशीष प्रताप सिंह ने गन्ना ढुलाई में उपयोग होने वाले वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया। किसानों को सुरक्षित ड्राइविंग के लिए जागरूक किया गया और दुर्घटनाओं को रोकने के उपायों की जानकारी दी गई।
त्रिवेणी इंजीनियरिंग एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड, शुगर यूनिट-रानीनांगल के केन यार्ड परिसर में शनिवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व डिप्टी एसपी अशीष प्रताप सिंह ने किया। अभियान के तहत गन्ना ढुलाई में प्रयोग होने वाले वाहनों एवं कृषकों के निजी वाहनों पर दुर्घटनाओं पर अंकुश को लाल कपड़ा और रिफ्लेक्टिव रेडियम टेप लगाए गए। इस दौरान डिलारी थाना इंचार्ज कृष्ण कुमार भंगेला, रानीनांगल चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह, उपाध्यक्ष वी. वेंकटरथनम् महाप्रबंधक (गन्ना) टी.एस. यादव एवं उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) उपस्थित रहे। क्षेत्राधिकारी अशीष प्रताप सिंह ने वाहन चालकों और किसानों को रात्रि में कोहरें के दौरान सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया तथा गन्ना लदे वाहनों पर रिफ्लेक्टर एवं रिफ्लेक्टर लगे लाल कपड़े लगाने की अनिवार्यता पर जोर दिया।
मिल उपाध्यक्ष वी वेंकटरथनम् ने किसानों से अपील की कि दुर्घटना-निरोधक उपायों के तहत सभी अपने वाहनों पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप अवश्य लगवाएं, बिना रिफ्लेक्टर एवं लाल कपड़ा लगाए जो वाहन क्रय केन्द्रों से गन्ना लेकर आएंगे ,उन वाहनों को मिल गेट पर टोकन नहीं दिया जायेगा। महाप्रबंधक (गन्ना) टी.एस. यादव ने किसानों को स्वच्छ, जड़-पत्ती रहित, स्वस्थ एवं ताजा गन्ना आपूर्ति करने की सलाह दी और किसान भाईयों से अपील की वह अपनी मेहनत से पैदा किए गन्ने को कोल्हू एवं क्रेशर पर न आपूर्ति करें, चीनी मिल में आपूर्ति कर अपना बेसिक कोटा बढ़ाएं। उन्होंने उन्नतशील गन्ना प्रजातियों को0-0118, 98014, 15023, 16202 एवं को०लख0-94184 की अधिक से अधिक क्षेत्रफल में बुवाई करें और चीनी मिल द्वारा दी जा रही सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाऐं।अभियान के दौरान पुलिस टीम एवं मिल प्रशासन द्वारा अनेक वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए तथा सभी को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




