अलीगढ़ हाईवे पर रोडवेज बस और कार की भिड़ंत, किशोरी की मौत, सात घायल
Moradabad News - मुरादाबाद में कुंदरकी थाना क्षेत्र के हुसैनपुर गांव के पास एक रोडवेज बस और कार की भिड़ंत में 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। हादसे में दो बच्चों समेत सात लोग घायल हुए। घायलों को अस्पताल भेजा गया, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। परिवार में शोक का माहौल है।
मुरादाबाद। कुंदरकी थाना क्षेत्र के मुरादाबाद-अलीगढ़ राजमार्ग पर बुधवार सुबह गांव हुसैनपुर के पास रोडवेज बस और कार की आमने-सामने की भिड़ंत में 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों समेत सात लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उत्तराखंड के टेहरी गढ़वाल निवासी रामदास अपने परिवार के साथ कार से संभल के बबराला स्थित कुलदेवी के दर्शन करने जा रहे थे। परिवार में बच्चों का मुंडन संस्कार होना था, जबकि नवविवाहित जोड़े की माथा टिकाई की रस्म भी होनी थी। बताया गया कि अमित और नेहा की शादी दो दिन पहले ही हुई थी।
कार में अमित, नेहा, रेखा, उसका एक वर्षीय पुत्र रिदविक, स्वाति, उसका दो वर्षीय पुत्र आरुष, 14 वर्षीय पायल समेत अन्य परिजन सवार थे। जैसे ही कार गांव हुसैनपुर के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में पायल की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि कार में ड्राइवर साइड का एयरबैग खुल गया, लेकिन दूसरी ओर का एयरबैग नहीं खुला। पायल कक्षा छह की छात्रा थी। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से गंभीर हालत में स्वाति और रामदास को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


